लखनऊ: उत्तर प्रदेश में छठे दिन यानी रविवार को भी गैस एजेंसियों के बाहर LPG सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं। बुकिंग के बाद भी लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। कानपुर में सुबह 9 बजे एक एजेंसी के बाहर ‘आज गैस नहीं मिलेगी’ का नोटिस देखकर लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझाकर शांत कराया।
वहीं, लखनऊ के अभिनंदन रिसॉर्ट में जिला प्रशासन और सप्लाई विभाग ने शनिवार देर रात छापेमारी की। यहां से 88 गैस सिलेंडर बरामद किए। मामले में रिसॉर्ट मालिक समेत पांच लोगों पर FIR दर्ज की गई है। गोंडा में सपा नेता विनोद शुक्ला ने सिलेंडर और गैस पाइप नाले में डालकर प्रदर्शन किया। कहा- मेरे घर मेहमान आए हैं। अब नाले की गैस से चाय बनाएंगे।
मैनपुरी में थाने पहुंची बहू
इधर, मैनपुरी में सास ने बहू से गैस का कम इस्तेमाल करने को कहा तो बहू थाने पहुंच गई। पुलिस से कहा कि उसने टीवी पर देखा है कि गैस की कोई कमी नहीं है। सास उसे परेशान करने के लिए किल्लत की बात कह रही है। उसे चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर कर रही है। पुलिस का कहना है- बहू की शिकायत के बाद सास को बुलाया गया। दोनों को समझाकर मामला शांत करवा दिया गया।
लखनऊ में सपा नेताओं ने उपले बांटे
लखनऊ में सिलेंडर की किल्लत के बीच सपा नेताओं अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। विधान भवन के सामने समाजवादी छात्र सभा के सदस्यों ने मुफ्त उपले बांटे। विधान भवन के सामने बापू भवन चौराहे के पास जमीन पर बैठकर ढेर सारे उपले रखकर प्रदर्शनकारी चिल्ला रहे थे- उपले ले लो, उपले ले लो। उपला बांटता देख मौके पर पुलिस पहुंच गई और उपले देने से रोका। इस दौरान हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
कानपुर में सिलेंडर मुद्दे पर भाजपा-सपा विधायक आमने-सामने
कानपुर में भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि सपा विधायक हसन रूमी के घर अगर सिलेंडर नहीं है तो उन्हें अपने उस नेता से ले लेना चाहिए, जो कालाबाजारी कर रहा। सपा नेता के घर में कालाबाजारी करने के लिए रखे सिलेंडर पुलिस ने बरामद किए थे।
दरअसल, एक दिन पहले सपा विधायक हसन रूमी ने कहा था कि मेरे घर में खुद सिलेंडर नहीं है। रोजेदार बहनें सिलेंडर के लिए घंटों लाइन में लग रही हैं। सरकार झूठ बोल रही कि सिलेंडर की कोई कमी नहीं है।
कानपुर में गैस एजेंसी पर हंगामा
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में भारत गैस एजेंसी पर रविवार सुबह गैस न मिलने से उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह 4 बजे से लाइन में लगे लोगों ने जब एजेंसी के बाहर ‘आज गैस नहीं मिलेगी’ का नोटिस देखा, तो जमकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।