- एक से 30 अप्रैल 2025 तक पूरे प्रदेश में चलाया गया अवैध एवं अपंजीकृत ई रिक्शा वाहनों के खिलाफ अभियान
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग द्वारा एक से 30 अप्रैल 2025 तक पूरे प्रदेश में अवैध एवं अपंजीकृत ई रिक्शा वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रदेश के समस्त जनपदों में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कुल 36773 अपंजीकृत एवं अवैध ई-रिक्शा वाहनों का चालान किया गया और 11425 वाहनों को बंद किया गया। चेकिंग अभियान में वाहनों के विरुद्ध सर्वाधिक चालान की कार्यवाही आगरा संभाग में की गई, वही सबसे कम चालान बस्ती संभाग में की गई।
परिवहन मंत्री ने दयाशंकर सिंह ने दी अहम जानकारी
परिवहन मंत्री ने दयाशंकर सिंह ने बताया कि लखनऊ संभाग में कुल 3276 चालान किए गए तथा 1083 वाहनों को बंद किया गया। जबकि जनपद लखनऊ में 1420 ई-रिक्शा वाहनों का चालान किया गया और 195 ई रिक्शा वाहन बंद किए गए। अयोध्या संभाग में 1993 चालान तथा 981 वाहनों को बंद किया गया। गोंडा संभाग में 1276 चालान तथा 589 वाहन बंद किए गए। बस्ती संभाग में 748 वाहनों का चालान तथा 362 वाहन बंद किए गए। कानपुर संभाग के अंतर्गत 2643 वाहनों का चालान तथा 797 वाहन बंद किए गए। प्रयागराज संभाग के अंतर्गत कुल 2240 वाहनों का चालान तथा 575 वाहन बंद किए गए। बांदा संभाग में 2484 वाहनों का चालान तथा 373 वाहन बंद किए गए। बरेली संभाग में 1714 वाहनों का चालान तथा 475 वाहन बंद किए गए।
उन्होंने बताया, मुरादाबाद संभाग में 2170 वाहनों का चालान तथा 552 वाहन बंद किए गए। वाराणसी संभाग के अंतर्गत 2045 वाहनों का चालान तथा 396 वाहन बंद किए गए। गोरखपुर संभाग के अंतर्गत 1342 वाहनों का चालान तथा 484 वाहन बंद किए गए। आजमगढ़ संभाग के अंतर्गत 1257 वाहनों का चालान तथा 204 वाहन बंद किए गए। मिर्जापुर संभाग में 1033 वाहनों का चालान तथा 165 वाहन बंद किए गए। मेरठ संभाग के अंतर्गत 2382 वाहनों का चालान तथा 596 वाहन बंद किए गए। गाजियाबाद संभाग में 2389 वाहनों का चालान तथा 877 वाहन बंद किए गए। सहारनपुर संभाग के अंतर्गत 1799 वाहनों का चालान तथा 467 वाहन बंद किए गए। आगरा संभाग में 3684 वाहनों का चालान तथा 1568 वाहन बंद किए गए। अलीगढ़ संभाग के अंतर्गत 1511 वाहनों का चालान तथा 681 वाहन बंद किए गए। इसी प्रकार झांसी संभाग के अंतर्गत 787 वाहनों का चालान तथा 200 वाहन बंद किए गए।
प्रदेश में ट्रैफिक संचालन बाधित न हो, यही रहा उद्देश्य
परिवहन मंत्री ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य अपंजीकृत एवं अनधिकृत ई-रिक्शा संचालन को रोकना था। जिससे कि प्रदेश में ट्रैफिक संचालन बाधित ना हो। हर हाल में पंजीकृत ई-रिक्शा ही सड़कों पर संचालित हो। नाबालिगों एवं अपराधी प्रवृति के लोगो द्वारा ई रिक्शा का संचालन ना हो। अत्यधिक पुराने एवं कंडम हालात वाले ई-रिक्शा संचालन को रोककर लोगों को सुरक्षित यात्रा मुहैया कराई जा सके। परिवहन मंत्री ने बताया कि इस दौरान प्रवर्तन दल द्वारा चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में जानकारी दी गई। सुरक्षित यात्रा मुहैया कराने के संबंध में प्रवर्तन दल द्वारा जागरूक भी किया गया।