कराची: पाकिस्तान के कराची में सिलेंडर धमाके के चलते एक रिहायशी इमारत गिर गई। इसके मलबे में दबकर 16 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। स्थानीय मीडिया ने पुलिस और स्थानीय बचाव दल के हवाले से यह जानकारी दी है। घटना कराची के सोल्जर बाजार के गुल राणा कॉलोनी इलाके स्थित एक घर में हुई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह धमाका गैस सिलेंडर लीक की वजह से हुआ था। यह घटना सुबह करीब 4:15 बजे, सहरी के समय हुई और गैस धमाका बिल्डिंग के पहले फ्लोर पर हुआ। आपात सेवा ने मलबे से कई लोगों को बचाया है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है। हादसे में छह महिलाओं और 4 बच्चों सहित कुल 16 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। हादसे में 14 लोग घायल हैं।
भीड़भाड़ वाले इलाके के कारण बढ़ी दिक्कतें
सिविल हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर के डायरेक्टर, डॉ. मोहम्मद साबिर मेमन के अनुसार, 13 शव उनके अस्पताल में लाए गए थे। तलाशी और बचाव ऑपरेशन जारी है। भीड़भाड़ वाला इलाका होने की वजह से प्रशासन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इमारत के काफी छोटे कमरे होने की वजह से बचाव दल को काफी परेशानियां उठानी पड़ीं।
अधिकारियों का कहना है कि यह वैध बिल्डिंग नहीं थी, और अलग-अलग कमरों को जोड़ कर इमारत खड़ी कर दी गई थी। इसके पास मौजूद अन्य घरों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने भी इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी है।
पाकिस्तान ईरान सीमा पर गैस प्लांट में भी धमाका
पाकिस्तान में एक अन्य घटना में ईरान-पाकिस्तान बॉर्डर के पास बलूचिस्तान के ताफ्तान में एक गैस प्लांट में जबरदस्त धमाके की घटना सामने आई है। धमाके की आवाज 10 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। बताया जा रहा है कि धमाके के बाद 100 से ज्यादा लोग गैस प्लांट के अंदर फंस गए हैं। पाकिस्तान में दो दिन पहले भी धमाके और गोलीबारी की जानकारी सामने आई थी, जिसमें दर्जनों घायल हो गए। उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में दो बम हमलों और पुलिस और विद्रोही लड़ाकों के बीच गोलीबारी में एक दर्जन से ज्यादा लोग मारे गए।
पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर जिले में हुए हमले में एक बच्चे और 11 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। इस घटना में महिलाओं और बच्चों समेत सात अन्य घायल हो गए। बाजौर में एक सिक्योरिटी चेकपॉइंट की ओर ले जाते समय विस्फोटक से लदी एक गाड़ी में धमाका हो गया। धमाके की वजह से पास की एक बिल्डिंग गिर गई, जिसमें एक लड़की की मौत हो गई।