लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गुरुवार (22 जनवरी) से 5 दिन बारिश हो सकती है। आंधी भी चल सकती है। इसके बाद ठंड एक बार फिर अपना असर दिखाएगी। फिलहाल, दो दिनों से लोगों को कोहरे और ठंड से कुछ राहत मिली हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर अगले 3 दिन बर्फबारी और बारिश की वजह से प्रदेश में तापमान फिर से लुढ़कने लगेगा। यह दौर 5 से 6 दिन तक जारी रह सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभों के असर से पहले पश्चिमी यूपी में बारिश की शुरुआत होगी। यह आगे चलकर पूर्वी यूपी को भी अपने जद ले लेगी। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हवा की दिशा भी बदलेगी। फिर चल रही पूर्वी हवाओं ने ठंड से राहत दी है। फिर पश्चिमी हवाएं नमी बढ़ाएंगी, जिससे बारिश की परिस्थितियां बनेंगी।
आज 15 जिलों में छाया रहा कोहरा
आज आगरा, मथुरा समेत समेत 15 जिलों में कोहरा छाया रहा। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ ही धूप ने लोगों को राहत दी। उत्तर भारत में घने कोहरे की वजह से लखनऊ आने-जाने वाली 8 फ्लाइट्स लेट रहीं। ऐसे ही गोरखपुर, प्रयागराज समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 20 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चलीं।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में बारिश के साथ तापमान में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत बनी रहेगी। बारिश के बाद ठंड फिर लौटेगी। किसानों और आम जनता को आने वाले दिनों में सतर्क रहने की जरूरत है।