Weather Update: दिसंबर के मध्य तक पहुंचते-पहुंचते सर्दी शबाब पर है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ तीखी सर्द हवाओं की चपेट में हैं तो उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने सर्दी की धार तेज कर दी है। इस बार उत्तर महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और ओडिशा जैसे इलाके जहां आमतौर पर शीतलहर दुर्लभ मानी जाती है, वहां भी सर्द हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार मौजूदा समय में मध्य स्तरों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 14 से 18 दिसंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
यूपी में सतर्कता की जरूरत, कोहरा और घना होगा
उत्तर प्रदेश में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता की आवश्यकता जताई गई है, क्योंकि आने वाले दिनों में कोहरे की तीव्रता जनजीवन और यातायात को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 और 15 दिसंबर को बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो सकती है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 से 16 दिसंबर के बीच घने से बहुत घने कोहरे के हालात बन सकते हैं।
मध्य और दक्षिण भारत में शीतलहर इसलिए असामान्य
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, दक्षिण और उत्तर आंतरिक कर्नाटक तथा ओडिशा जैसे इलाकों में आमतौर पर शीतलहर की स्थिति बहुत कम बनती है, क्योंकि ये क्षेत्र उष्णकटिबंधीय अक्षांशों में स्थित हैं और सर्दियों में भी यहां रात का तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहता है। बीते वर्षों में इन क्षेत्रों में स्पष्ट शीतलहर जैसी स्थिति कभी- कभार ही दर्ज की गई है।
उत्तराखंड में ऊंचाई पर बर्फ मैदान में ठंड
उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले जिलों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। कई जगहों पर पाले की सफेद परत दिखाई दे रही है, हालांकि दिन में धूप निकलने से आंशिक राहत मिल सकती है।