उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति

बिहार में दोबारा जंगलराज रोका, अब बंगाल से विदा करेंगे: सिंगूर में बोले पीएम मोदी

बिहार में दोबारा जंगलराज रोका, अब बंगाल से विदा करेंगे: सिंगूर में बोले पीएम मोदी

कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सिंगूर में 837 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और इनॉगरेशन किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि घुसपैठिए बचाने के लिए टीएमसी किसी भी हद तक जा सकती है। केंद्र सरकार ने कई बार चिठ्ठी लिखी कि बॉर्डर पर फेंसिंग के लिए जमीन चाहिए, लेकिन बंगाल सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि घुसपैठिए इनके पक्के वोटर हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां की जनता अब असली परिवर्तन चाहती है। हर कोई 15 साल के महाजंगल राज को बदलना चाहता है। अभी तो बीजेपी-एनडीए ने बिहार में जंगलराज को रोका है। अब टीएमसी के महाजंगलराज को विदा करने के लिए तैयार है।

पश्चिम बंगाल में 24 घंटे में कई सौगात दीं

पीएम मोदी ने कहा कि कल में मालदा में था, आज हुगली में आप सभी के बीच आने का सौभाग्य मिला। विकसित भारत के लिए पूर्वी भारत का विकास जरूरी है। इसके लिए केंद्र सरकार काम कर रही है। मैंने प. बंगाल से जुड़े विकास के सैकड़ों करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का शिलान्यास, उद्धाटन किया। तीन अमृत भारत एक्सप्रेस और एक पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। पिछले 24 घंटे में बंगाल में रेल कनेक्टिविटी की कई योजनाएं शुरु की गई हैं। शायद 100 साल में इतना काम नहीं हुआ होगा।

उन्‍होंने कहा कि केंद्र सरकार पोर्ट लैंड बनाने पर जरूरी मदद दे रही है। पोर्ट-नदियों से जुड़े प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं। इन पिलर पर बंगाल को मैन्युफैक्चरिंग, ट्रेड और लॉजिस्टिक का हब बनाया जा सकता है। केंद्र सरकार ने बीते 11 साल में पोर्ट की कैपेसिटी बढ़ाने पर काम किया, इसकी कनेक्टिविटी सुधारी गई है। इसके लिए सड़कें बनाई गई हैं। पिछले साल कार्गो हैंडिलिग के रिकॉर्ड कोलकाता पोर्ट ने बनाए हैं।

लोगों का उत्साह प. बंगाल की नई कहानी बता रहा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज सुबह मैं कामाख्या की धरती पर था, अब बाबा तारकेश्वर की धरती पर जनता जनार्दन के दर्शन करने आया हूं। साथियों, सिंगूर का ये जनसैलाब आप सभी का ये जोश, उत्साह और मैं तो देख रहा हूं कि पीछे खड़े लोग देख भी नहीं पाते होगे। दूर-दूर तक लोग ही लोग हैं। यह उत्साह और जोश पश्चिम बंगाल की नई कहानी बता रहा है।

उन्‍होंने कहा, जनता अब असली परिवर्तन चाहती है। हर कोई 15 साल महाजंगल राज को बदलना चाहता है। अभी तो बीजेपी-एनडीए ने बिहार में जंगलराज को रोका है। अब टीएमसी के महाजंगलराज को विदा करने के लिए तैयार है।

बंगाल की धरती ने देश की विरासत को दिशा दी

मोदी ने कहा, बंगाल की धरती ने देश की विरासत देश की आजादी के लिए जो दिशा दी, जो नेतृत्व दिया। बीजेपी उस प्रेरणा को राष्ट्र के कोने-कोने तक ले जा रही है। भाजपा सरकार ही है जिसने दिल्ली में कर्तव्य पथ पर इंडिया गेट के सामने नेताजी सुभाषबाबू जी की तस्वीर लगाई है। आजाद हिंदी फौज के त्याग को नमन किया गया। नेताजी के नाम पर अंडमान में द्वीप का नाम रखा गया।

उन्‍होंने कहा कि पहले 26 जनवरी के कार्यक्रम 24-25 को शुरु होकर 30 तारीख को पूरे होते थे। हमने अब इसे बदल दिया, अब 23 जनवरी सुभाष बाबू की जयंती से शुरू करके महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पूरा किया है। बंगाल के नौजवानों, किसानों, माताओं-बहनों की हर संभव सेवा करूं, ये मेरा प्रयास रहता है। यहां की टीएमसी सरकार केंद्र की योजनाओं को आप तक पहुंचने नहीं देती। इनको मोदी से दिक्कत है, ये मुझे समझ आता है लेकिन टीएमसी बंगाल के लोगों से अपनी दुश्मनी निकाल रही है।

दिल्ली में भी ऐसी ही सरकार थी, जो अब सत्ता से बाहर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली में भी एक ऐसी ही सरकार थी। जो केंद्र की योजनाओं को लागू नहीं होने देती थी। हम कहते रहे दिल्ली के गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज देने वाली आयुष्मान योजना लागू करो। उन्होंने नहीं सुना, राजनीतिक हिसाब किताब में लगे रहे। दिल्ली की जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर निकाल दिया। मुख्यमंत्री को ही घर भेज दिया।

उन्‍होंने कहा कि टीएमसी राज में बेटियां सुरक्षित नहीं है। यहां की शिक्षा व्यवस्था माफिया, भ्रष्टाचारियों के कब्जे में हैं।भाजपा को दिया आपका एक वोट पक्का करेगा कि कॉलेज में रेप-हिंसा की घटनाओं पर लगाम लगे। एक वोट तय करेगा कि बंगाल में संदेशखाली जैसी घटना ना हो।

हुगली को शिक्षक भर्ती घोटाले के लिए बदनाम किया

पीएम मोदी ने कहा, टीएमसी का छोटे से छोटा नेता बंगाल का माईबाप समझने लगा है। हुगली को इन्होंने शिक्षक भर्ती घोटाले के लिए बदनाम किया है। बीजेपी इन्हें सजा दिलाएगी। आपको एक बात याद रखनी है बंगाल में निवेश तभी आएगा। जब यहां माफिया, दंगाइयों को हटाया जाएगा। यहां हंगामा करने वालों को छूट मिली है, सिंडिकेट चल रहे हैं। इन्हें भाजपा सरकार खत्म करेगी। ये भी मोदी की गारंटी है।

घुसपैठिए बचाने के लिए टीएमसी किसी भी हद तक जा सकती है। केंद्र सरकार ने कई बार चिठ्ठी लिखी की बॉर्डर पर फेंसिंग के लिए जमीन चाहिए। लेकिन बंगाल सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता। टीएमसी घुसपैठियों के फर्जी डॉक्यूमेंट बनाती है। जो लोग बीते दशकों में बंगाल में घुलमिल गए हैं, उनकी पहचान करके उन्हें उनके देश वापस भेजना होगा। ये काम आपका एक वोट कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *