महराजगंज: जिले में बीजेपी नेता का 500-500 रुपये के नोटों के बंडल के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो एक कमरे के अंदर का है, जहां बीजेपी जिला मंत्री गौतम तिवारी खुद खड़े हैं। कमरे के कोने में फर्श पर रेड कारपेट के ऊपर 500-500 रुपये के नोटों के बंडल रखे हैं। भाजपा नेता खुद मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर उसे देख रहे हैं।
शनिवार देर शाम वॉट्सऐप पर वीडियो वायरल हुआ। वीडियो बनाने वाला शख्स उनसे फ्लैश लाइट बंद करने को कह रहा है। वो कहता है कि मंत्री जी (नोटों के बंडल का) वीडियो बना लिया है। 20 सेकेंड वीडियो में 500-500 रुपये के नोटों के 150 से ज्यादा बंडल दिखाई दे रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा- ये नोट नकली हैं
हालांकि, भाजपा नेता ने पैसे उनके होने की बात से साफ इनकार किया। उनका कहना है कि सब जादू-टोने की देन है। कुछ तंत्र-मंत्र करने वाले लोगों ने उन्हें जाल में फंसाया है। जमीन दिलाने के नाम पर उनसे डेढ़ करोड़ रुपये ऐंठ लिए। वापस न लेना पड़े, इसलिए नकली नोटों का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे हैं। एफआईआर करवा दी है, अब पुलिस जांच करेगी। वीडियो में दिखाए गए पैसे कागज के टुकड़े हैं। हालांकि, वीडियो कब का है, किस जगह का है, इस संबंध में भाजपा नेता कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
इंस्पेक्टर बोले– नहीं मिली कोई शिकायत
इस मामले में कोतवाली इंस्पेक्टर निर्भय सिंह ने कहा कि इस तरह का कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। अगर प्रार्थना पत्र मिलता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता गौतम तिवारी के बारे में
गौतम तिवारी भारतीय जनता पार्टी में काफी सक्रिय नेता हैं। 3 साल से भाजपा जिला मंत्री पद पर हैं। गौतम तिवारी ने अभी तक कोई चुनाव नहीं लड़ा है। प्रॉपर्टी के बड़े कारोबारी हैं।