उत्तर प्रदेश, धर्म-कर्म, राजनीति

UPSTDC ने शुरू किया ‘सुगम दर्शन’ टूर पैकेज, श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या यात्रा हुई आसान

UPSTDC ने शुरू किया 'सुगम दर्शन' टूर पैकेज, श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या यात्रा हुई आसान

लखनऊ/अयोध्या: उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) ने श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए लखनऊ से अयोध्या तक विशेष टूर पैकेज की शुरुआत की है। ‘सुगम दर्शन’ सेवा के माध्यम से अब राम भक्त बिना लंबी कतारों में प्रतीक्षा किए सीधे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में रामलला के दर्शन कर सकेंगे। अयोध्या जिला प्रशासन के सहयोग से तैयार यह विशेष व्यवस्था श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव को अविस्मरणीय बनाएगी।

उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘यूपीएसटीडीसी द्वारा वर्ष 2025 से संचालित लखनऊ-अयोध्या टूर पैकेज को यात्रियों का भरपूर समर्थन मिला है। इसी कड़ी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक दिवसीय आरामदायक यात्रा के लिए टेंपो ट्रैवलर सेवा प्रारंभ की जा रही है, जिसकी पहली यात्रा 21 फरवरी को प्रस्तावित है। इच्छुक श्रद्धालु इस विशेष टूर पैकेज की बुकिंग यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in के माध्यम से कर सकते हैं।’

सुबह लखनऊ से प्रस्थान, दिनभर राम नगरी के दर्शन

यात्रा की शुरुआत प्रातः 08:00 बजे लखनऊ के होटल गोमती से होगी, जो करीब 10:30 बजे तक अयोध्या पहुंचेगी। तत्पश्चात, यात्रियों को हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि और कनक भवन के पावन दर्शन कराए जाएंगे। दोपहर के समय सरयू गेस्ट हाउस में भोजन के उपरांत सरयू रिवर फ्रंट (राम की पैड़ी) एवं नागेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। सायं लगभग 08:30 बजे यात्रियों की लखनऊ वापसी होगी।

कितना होगा किराया

इस टूर पैकेज में यात्रियों को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में सुगम दर्शन की विशेष सुविधा मिलेगी। रामनगरी जाने वाले यात्रियों को टेंपो-ट्रैवलर से आरामदायक यात्रा, सरयू गेस्ट हाउस में दोपहर का भोजन, संध्याकालीन चाय, स्थानीय गाइड तथा शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलेगी। यूपीएसटीडीसी का मानना है कि यह टूर पैकेज राम भक्तों विशेष आध्यात्मिक अनुभव देगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,500 रुपये तथा अन्य यात्रियों के लिए 2,000 रुपये यात्रा शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रत्येक यात्री को स्मृति-चिन्ह प्रदान किया जाएगा, जो उनकी यात्रा को यादगार बनाएगा।

‘लखनऊ दर्शन’ सहित अन्य टूर पैकेज भी  

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा पर्यटकों के लिए अन्य यात्रा गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। यूपीएसटीडीसी राजधानी में डबल डेकर ‘लखनऊ दर्शन’ बस सेवा के संचालन के अलावा नैमिषारण्य, वाराणसी-प्रयागराज तथा दुधवा जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के लिए आकर्षक टूर पैकेज भी संचालित कर रहा है। इन सभी पैकेजों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा upstdc.co.in पर उपलब्ध है। पर्यटक घर बैठे अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।

यूपीएसटीडीसी के नए टूर पैकेज  

यूपीएसटीडीसी आने वाले दिनों में नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों के लिए टूर पैकेज शुरू करने की तैयारी में है। प्रस्तावित पैकेज के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक केंद्रों का समग्र अनुभव प्राप्त होगा।

रामलला दर्शन का मिले दिव्य अनुभव– मंत्री   

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘प्रदेश सरकार का उद्देश्य अयोध्या आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। यूपीएसटीडीसी का ‘सुगम दर्शन’ इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में रामनगरी अयोध्या ने पर्यटन के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए 29 करोड़ से अधिक पर्यटकों का स्वागत किया, जिनमें 65 हजार से अधिक विदेशी पर्यटक शामिल रहे। यह आंकड़ा अयोध्या की वैश्विक पहचान और बढ़ते आध्यात्मिक आकर्षण का प्रमाण है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *