UP Weather: प्रदेश में सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को मौसम में दोबारा बदलाव की आहट है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन में बादल छाए रहने के संकेत हैं। साथ ही पूर्वांचल और तराई के इलाकों में सुबह के वक्त धुंध और कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। इस बीच बारिश की संभावना न के बराबर है। विक्षोभ के असर से हिमांचल, उत्तराखंड आदि में बर्फबारी के संकेत हैं, जिसके असर से आने वाले तीन-चार दिनों के दौरान प्रदेश भर में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
बादलों की रहेगी आवाजाही
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मुताबिक, इस नए पिश्चमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश भर में मंगलवार व बुधवार के दौरान रात के पारे में दो डिग्री तक की बढ़ोतरी और इसके बाद लगभग चार डिग्री की गिरावट आएगी। हालांकि दिन के तापमान में कोई खास बदलाव के आसार नहीं हैं। कुल मिलाकर इस मौसमी बदलाव के बीच प्रदेश में बादलों की आवाजाही और कोहरे का असर देखने को मिलेगा।