UP Weather: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में 31 मार्च की रात से मौसम ने करवट ली। मंगलवार देर रात शुरू हुई हल्की बूंदाबांदी ने सुबह सुबह तक झमाझम बारिश का रूप ले लिया। शहर के गोमती नगर, हजरतगंज, आलमबाग, अंसल और पीजीआई समेत कई इलाकों में सुबह से ही रुक-रुक कर बरसात हो रही है, जिससे पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही तपिश में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
तापमान और वर्तमान स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण लखनऊ के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। सुबह का न्यूनतम तापमान 19°C के आसपास दर्ज किया गया, जबकि ठंडी हवाओं के चलने से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बारिश का यह सिलसिला अगले 24 से 48 घंटों तक जारी रह सकता है। लखनऊ और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
ओलावृष्टि की चेतावनी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है, जिसका असर राजधानी के बाहरी इलाकों में देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश में इस बार गर्मी ज्यादा सताएगी। साथ ही अप्रैल से जून के बीच में लू के दिनों की संख्या में भी इजाफा होगा। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को जारी सूचना के मुताबिक इस बार के ग्रीष्म ऋतु में पश्चिमी यूपी के मुकाबले पूर्वांचल और मध्यांचल में गर्मी की तल्खी बढ़ेगी। वहीं अप्रैल में सामान्य से ज्यादा बारिश होने से बीच- बीच में थोड़ी राहत मिलेगी।