UP Weather: उत्तर प्रदेश भीषण शीतलहर की चपेट में है। लखनऊ, कानपुर, मेरठ और वाराणसी सहित 34 जिलों में घना कोहरा पड़ रहा है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली और गोरखपुर जैसे जिलों के लिए बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां सुबह के समय विजिबिलिटी 50 मीटर से कम हो जाती है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में अगले 24 घंटे के दौरान 30 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा पड़ सकता है।
यूपी में इस दिन हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण 18 जनवरी से पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 17 और 18 जनवरी को आकाश में बादल छाए रहेंगे। 18-20 जनवरी के दौरान बारिश होने की संभावना है, जिससे ठंडी हवाओं के कारण ठंड और बढ़ सकती है। यूपी में हांड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। शुक्रवार को हरदोई राज्य का सबसे ठंडा प्रदेश रहा। हरदोई का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर शहर (4.0), अयोध्या (4.0), नजीबाबाद (4.0), मुजफ्फरनगर (4.1), मुरादाबाद (4.2) और बरेली का न्यूनतम तापमान 4.8 दर्ज किया गया। जबकि लखनऊ में पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राज्य के कई जिलों के लिए कोल्ड डे दिन का अलर्ट जारी किया गया है।