सहारनपुर: सहारनपुर पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश शहजाद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। पुलिस का दावा है कि वह पेशेवर तरीके से गोवंश की हत्या करता था। मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए हैं। यह मुठभेड़ मिर्जापुर थाना इलाके के शेरपुर गांव में बुधवार शाम करीब 3 बजे हुई। घायल सिपाहियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
डीआईजी अभिषेक सिंह सिपाहियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने एक सिपाही के कंधे पर हाथ रखकर उसे शाबाशी दी। 24 घंटे के अंदर शहजाद (40 वर्ष) दूसरा बदमाश है, जो यूपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। मंगलवार को बरेली में सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी दामाद अफसर उर्फ बौरा (40) को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर किया था।
कैसे हुई मुठभेड़?
पुलिस के अनुसार, बदमाश शहजाद बुधवार दोपहर में गोकशी की घटना को अंजाम देने जा रहा था। मिर्जापुर और फतेहपुर थाने की पुलिस ने शहजाद को शेरपुर गांव के पास घेर लिया। उसे सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने खुद को चौतरफा घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी।
शहजाद की फायरिंग में दो सिपाही सोमेंद्र और कुलदीप घायल हो गए। दोनों के हाथ में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने पोजिशन लेते हुए शहजाद को जवाब दिया। गोली लगने से शहजाद घायल हो गया और वह गिर पड़ा। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहट पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसकी मौत हो गई।
डीआईजी ने कहा– लंबे समय से शहजाद की तलाश थी
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि शहजाद एक शातिर और पेशेवर गोकश था। वह कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। शहजाद के खिलाफ सहारनपुर जिले के थानों में गोकशी-गैंगस्टर समेत 44 मुकदमे दर्ज हैं। वह सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव गंदेवडा का रहने वाला था।