उत्तर प्रदेश, राजनीति

UP: कानपुर में गैस के लिए लाइनें, कई एजेंसियां बंद; 7वें दिन भी LPG की किल्‍लत

UP: कानपुर में गैस के लिए लाइनें, कई एजेंसियां बंद; 7वें दिन भी LPG की किल्‍लत

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडर (LPG) की किल्लत सोमवार को 7वें दिन भी जारी है। आज सुबह से गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। बुकिंग के बाद भी लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। कई जगह लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी गैस नहीं मिल रही है। गोंडा में गैस एजेंसियों के बाहर नोटिस चिपका दिए गए कि आज सिलेंडर नहीं बांटे जाएंगे, क्योंकि गैस की सप्लाई नहीं आई है।

कानपुर में एक एजेंसी के बाहर लोग घंटों लाइन में लगे रहे, लेकिन बाद में बताया गया कि आज गैस वाली गाड़ी नहीं आएगी। इसके बाद लोगों ने हंगामा कर दिया। लोगों का कहना है कि शहर में कई गैस एजेंसियां तो खुल ही नहीं रही हैं।

कई जिलों में ऑनलाइन बुकिंग की दिक्‍कत

प्रदेश के कई जिलों में लोगों को ऑनलाइन बुकिंग करने में परेशानी आ रही है। लोगों का कहना है कि वो ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं। बुकिंग वाला नंबर ही कनेक्ट नहीं हो रहा है। एजेंसियों पर कॉल करो तो कोई बात करने को तैयार नहीं है। एजेंसी जाने पर कर्मचारी ऑनलाइन बुकिंग करने के लिए कहते हैं, लेकिन ऑनलाइन कुछ हो नहीं रहा।

इससे पहले, लखनऊ में सपा नेता सोनू कनौजिया के अभिनंदन रिसॉर्ट में जिला प्रशासन और सप्लाई विभाग ने शनिवार देर रात छापेमारी कर 88 गैस सिलेंडर बरामद किए थे। मामले में रिसॉर्ट मालिक समेत पांच लोगों पर FIR दर्ज की गई थी।

मेरठ में सिलेंडर की किल्लत पर सपा का प्रदर्शन

समाजवादी पार्टी (सपा) ने एलपीजी सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि सरकार और जिला प्रशासन के पर्याप्त सिलेंडर होने के दावे झूठे हैं। सिलेंडर कालाबाजारी में बेचे जा रहे हैं। सपा के जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गूमी के नेतृत्व में कार्यकर्ता कमिश्नरी पार्क में एकत्र हुए। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च किया और भाजपा विरोधी नारे लगाए।

सपा नेता ने कहा कि पहले नोटबंदी और ऑक्सीजन के लिए लोगों को लाइनों में लगाया गया, अब गरीबों को सिलेंडर के लिए कतारों में खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन के पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर होने के दावों को भी हकीकत से परे बताया।

गोंडा में गैस के लिए लगी लंबी लाइन

गोंडा में एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों पर लाइनें लगी रहीं। शहर की ज्योति गैस एजेंसी पर आपूर्ति न होने के कारण वितरण बंद कर दिया गया। एजेंसी ने पोस्टर चिपकाकर बताया कि गैस तभी मिलेगी जब मैसेज आएगा, इसलिए अनावश्यक भीड़ न लगाएं। इटियाथोक, नवाबगंज, मनकापुर और बेलसर क्षेत्र की कई एजेंसियों पर भी यही स्थिति रही, जहां सिलेंडर लेने के साथ-साथ KYC कराने वालों की भी भीड़ जुटी।

जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जिन एजेंसियों पर गैस नहीं है, वहां आपूर्ति जल्द भेजी जा रही है। सभी केंद्रों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने लोगों से धैर्य रखने और भीड़ न लगाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *