-
आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने विधानसभा में शिक्षा की गुणवत्ता पर भी उठाया सवाल
UP News: नेता विधानमंडल दल कांग्रेस आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने विधानसभा में शिक्षा की गिरती गुणवत्ता पर सवाल खड़ा किया। साथ ही मनरेगा को लेकर प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के मुद्दे को भी विधानसभा में उठाया और सरकार के इस कदम को अलोकतांत्रिक बताया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग भी की। बता दें कि आराधना मिश्रा मोना ने विधानसभा में कहा की सरकार डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट स्कूल और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी-बड़ी बात करती है लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा सरकार शिक्षा की गुणवता बढ़ाने को लेकर गंभीर है? उन्होंने कहा, सरकार कुछ भी कहे लेकिन शिक्षा क्षेत्र के जो आंकड़े हैं और जो रिपोर्ट है वो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और योगी आदित्यनाथ सरकार के दावों की पोल खोलती है।
आराधना मिश्रा मोना ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के मुद्दे को विधानसभा में उठाते हुए कहा कि मनरेगा जो ग्रामीण क्षेत्र के आम आदमी के रोजगार से जुड़ी जीवन रेखा है, जिसे भाजपा ने खत्म करके आम आदमी के रोजगार पर हमला किया है, उसके खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्वक एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, जिसका संविधान भी हमें अधिकार देता है, लेकिन सरकार द्वारा नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने और डराने का कार्य किया गया। गिरफ्तारी की गई, कार्यकर्ता अपना प्रदर्शन शांतिपूर्वक कर रहे थे, बावजूद उसके सरकार ने लाठीचार्ज किया गया और जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने रहे। क्या लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने का हमारा अधिकार नहीं है? ऐसे जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।