UP News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में देर रात पूर्व मंत्री और तीन बार के विधायक रहे मदन चौहान पर जानलेवा हमला हुआ है. मदन चौहान सगाई समारोह में जा रहे थे तभी अचानक कार सवार बदमाशों ने उनपर फायरिंग की कोशिश की,गनीमत रही कि निशाना नहीं लगा और ये बड़ा हादसा टल गया. बदमाशों ने पूर्व विधायक से गाली-गलौच भी की.
सगाई समारोह में आए थे पूर्व मंत्री
मामला गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरणपुर के पास का है. पूर्व मंत्री मदन चौहान अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ सगाई समारोह में जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में तीन युवक उनकी गाड़ी के सामने आकर खड़े हो गए. आरोप है कि बदमाशों ने गाली-गलौच करते हुए पिस्टल से फायर करने की कोशिश की,लेकिन गोली का निशाना चूक गया और बड़ा हादसा टल गया.
इस पूरी घटना पर पूर्व मंत्री का बयान भी सामने आया है. मदन चौहान ने अपने ऊपर हुए हमले पर कहा कि हम गांव हिरणपुर में सगाई समारोह में जा रहे थे. रास्ते में तीन लोग सामने खड़े थे. एक लड़के के दोनों हाथों में पिस्टल थी. गाली देते हुए उन्होंने शीशे पर पिस्टल लगाकर फायर करने की कोशिश की,लेकिन फायर मिस हो गया. हमारे गनर बाहर निकले तो बदमाश मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. फिलहाल पूर्व मंत्री मदन चौहान पूरी तरह सुरक्षित हैं.