UP News: राहुल गांधी ने वोट चोरी के विरूद्ध आवाज बुलंद की है और इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी द्वारा वोट चोरी के खिलाफ पूरे देश में एक वृहद स्तर पर नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। इसकी विस्तारपूर्वक जानकारी साझा करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने बताया कि सात अगस्त 2025 को पार्टी द्वारा पूरे देश के समस्त प्रांतों में वोट चोरी के विरूद्ध अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि 15 सितम्बर से आठ नवंबर 2025 तक पूरे प्रदेश में वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया जिसके तहत 1795370 प्रदेशवासियों के हस्ताक्षर कराए गए हैं जिन्हें दिल्ली भेजा जा रहा है। नवंबर अंतिम सप्ताह में रामलीला मैदान दिल्ली में विशाल वोट चोर गद्दी छोड़ रैली आयोजित की जाएगी और उसी दिन पूरे देश से पांच करोड़ हस्ताक्षर राष्ट्रपति को सौंपे जायेंगे। कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि बिहार में फॉर्म और जरूरी दस्तावेज जमा होने के बावजूद लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। जो भाजपा के वोटर नहीं हैं उनके नाम छांट-छांट कर सूची से काट दिए गए हैं। मोना ने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन वोट चोरी का एक नया हथियार है।