उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया, स्पेशल स्टोरी

UP News: 1.86 करोड़ परिवारों को सीएम योगी ने दिया होली का उपहार

UP News: 1.86 करोड़ परिवारों को सीएम योगी ने दिया होली का उपहार
  • प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत प्रदेश के 1.86 करोड़ परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की 1500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में गरीब, अन्नदाता किसान, महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का कार्य जारी है। होली व दीपावली पर लाभार्थियों परिवारों को एक-एक नि:शुल्क सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जा रही है। उज्ज्वला योजना के तहत देश में 10 करोड़ से अधिक लोगों को गैस कनेक्शन की सुविधा प्रदान की गई है, जिसमें उत्तर प्रदेश में 1.86 करोड़ परिवारों को इसका लाभ मिला है। सीएम योगी ने इस अवसर पर दस लाभार्थी महिलाओं को स्वयं सब्सिडी राशि के प्रतीकात्मक चेक सौंपे।

सबका साथसबका विकास ही मंत्र

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शासन की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गरीब, अन्नदाता किसान, महिलाओं और युवाओं से जोड़ने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री कहते भी हैं कि देश में केवल चार जातियां हैं। ये जातियां गरीब, किसान, महिला और युवा हैं। इसमें सभी पंथ, संप्रदाय, मत और मजहब समाहित हैं। ऐसे में जब भी किसी योजना का लाभ दिया जाएगा तो उसका मंत्र केवल “सबका साथ, सबका विकास” ही होगा। कोरोना महामारी समाप्त हुए काफी समय हो चुका है, लेकिन आज भी देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है। इनमें अकेले उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ लाभार्थी शामिल हैं। यह सरकार की गरीबों के प्रति संवेदनशीलता का प्रमाण है।

जो समाज के लिए काम करेगा, सरकार उसके साथ खड़ी रहेगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के 50 करोड़ लोगों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य गारंटी दी जा रही है। 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को भी 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका लाभ देश के किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में लिया जा सकता है। शिक्षकों तथा बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, शिक्षामित्रों तथा अनुदेशकों को भी प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जो समाज के लिए कार्य करेगा, समाज और सरकार दोनों उसके लिए खड़े रहेंगे। ऐसा पहले नहीं था, क्योंकि पहले की सरकारों की सोच संकीर्ण थी। पहले की सरकारें जातीय खेमों में बंटी हुई थीं और समाज को लड़ाने का काम किया जाता था।  माफिया समानांतर शासन चलाते थे, अराजकता का माहौल था। उस दौरान न बेटी सुरक्षित थी और ना व्यापारी। पर्व-त्योहारों से पहले उपद्रव की घटनाएं हो जाती थीं, जिसके कारण कर्फ्यू लग जाता था और उत्साह भंग हो जाता था। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। प्रदेश में न कर्फ्यू है और न दंगे। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और निवेश के लिए सकारात्मक वातावरण बना है।

विभिन्न देशों से निवेश का सीधा लाभ राज्य और युवाओं को मिलेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हाल में जर्मनी से लौटे हैं, जहां उन्होंने प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर विभिन्न बैठकों में भाग लिया। वर्ष 2017 से पहले जब उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि विदेश जाते थे, तो प्रदेश को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज देश और दुनिया का हर बड़ा निवेशक उत्तर प्रदेश आना चाहता है। उन्हें विश्वास है कि प्रदेश सरकार सुरक्षा भी दे सकती है और त्वरित निर्णय लेकर समस्याओं का समाधान भी कर सकती है। प्रदेश में जो सकारात्मक परिवर्तन आया है और जर्मनी, जापान, सिंगापुर सहित दुनिया के अन्य देशों से जो निवेश आ रहा है, उसका किसी व्यक्ति विशेष या किसी परिवार को निजी लाभ नहीं होने वाला है, बल्कि उसका सीधा लाभ उत्तर प्रदेश और यहां के युवाओं को मिलेगा। यह निवेश प्रदेश के नौजवानों को रोजगार देने और आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए है। यह अवसर स्वत: नहीं मिलते। इसके लिए निरंतर परिश्रम और समन्वित प्रयास की आवश्यकता होती है।

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को वैक्सिनेशन कार्यक्रम शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार प्रदेश में महिला सुरक्षा, महिला सम्मान और उनके स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए वैक्सिनेशन कार्यक्रम की शुरुआत की है। यह कार्यक्रम प्रदेश में व्यापक स्तर पर लागू किया जा रहा है, जिससे बालिकाओं को गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिल सके। यदि हमारी बेटी सुरक्षित होगी तो हमारा परिवार सुरक्षित होगा। इसी सोच के साथ सरकार ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिस वैक्सीन की कीमत पहले लगभग 2100 रुपये थी, उसे कम करते हुए 300 रुपये तक लाया गया है और इसे आगे निःशुल्क करने की व्यवस्था की जा रही है। यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि जब सरकार संवेदनशील होती है, तब वह समाज के व्यापक हित में निर्णय लेती है।

पहले की सरकारों में लोग जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम करते थे और शासन सीमित दायरे में केवल अपने परिवार तक ही केंद्रित रहता था। प्रदेश को परिवार मानने के बजाय कुछ लोग अपने परिवार को ही प्रदेश समझते थे और संसाधनों का दुरुपयोग करते थे। वर्तमान सरकार के लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही परिवार है। इसी भावना के साथ सरकार सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयासरत है। महिला सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और स्वावलंबन की दिशा में विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। सीएम ने कहा कि इस बार के बजट में डबल इंजन की सरकार ने गरीबों, महिलाओं, किसानों और युवाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *