दिल्ली, देश-दुनिया, राजनीति, सोशल मीडिया

UP Diwas 2026: दिल्ली हाट में दिखेगी यूपी की सांस्कृतिक विविधता

UP Diwas 2026: दिल्ली हाट में दिखेगी यूपी की सांस्कृतिक विविधता

UP Diwas 2026: उत्तर प्रदेश पर्यटन द्वारा यूपी दिवस के अवसर पर 24 जनवरी 2026 की शाम दिल्ली हाट में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। समारोह में बड़े पैमाने पर प्रवासी भारतीयों, 18-20 देशों के राजनयिकों, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों एवं उत्तर प्रदेश के विशिष्टजनों का आगमन प्रस्तावित है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस विशेष आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाओं और परंपराओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना है।

मंत्री ने बताया कि यूपी दिवस-2026 के अवसर पर दिल्ली हाट को विकसित उत्तर प्रदेश की थीम पर सजाया जाएगा। आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश की विविध नृत्य शैली व परंपराओं को दर्शाती मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। पारंपरिक हस्तशिल्प की झलक तथा राज्य के विभिन्न अंचलों के प्रसिद्ध क्षेत्रीय व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मूल निवासी बड़ी संख्या में देश के विभिन्न राज्यों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, ऐसे महानुभावों को कार्यक्रम में सम्मानित भी किया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दुनिया के जिन देशों में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के लोग निवास करते हैं, चयनित 18-20 देशों के भारत में पदस्थापित प्रतिनिधियों को भी दिल्ली हाट में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। यह पहल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक आदान-प्रदान को सशक्त करेगा। अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी दिवस मनाए जाने का उद्देश्य विदेशों में बसे प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों में अपने प्रदेश के प्रति गर्व, आत्मसम्मान एवं भावनात्मक जुड़ाव को और अधिक सुदृढ़ करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *