उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया

UP BJP: इस दिन होगा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव, जानें किसकी चर्चा ज्यादा

UP BJP: इस दिन होगा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव, जानें किसकी चर्चा ज्यादा

UP BJP: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार यूपी के भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की तिथि घोषित कर दी गई है। 13 दिसंबर को दोपहर 1 से 2 बजे तक अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा और 14 दिसंबर को प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होगा। राष्ट्रीय परिषद के लिए भी यहां से सदस्यों का चुनाव किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए पार्टी की ओर से नियुक्त संगठन के चुनाव अधिकारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े भी शनिवार को आएंगे। उनके सामने ही प्रदेश अध्यक्ष के लिए नमांकन पत्र लिया जाएगा। जबकि केंद्रीय चुनाव अधिकारी के तौर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में 14 दिसंबर को चुनाव संपन्न कराया जाएगा।

पार्टी ने प्रदेश के सभी प्रमुख नेताओं, सांसदों, विधायकों के साथ ही प्रांतीय परिषद के करीब 400 सदस्यों को लखनऊ बुला लिया है। प्रांतीय परिषद के सदस्य ही प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में वोट देते हैं। कार्यकर्ताओं में भी नए अध्यक्ष को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि 2027 विधान सभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए ऐसा चेहरा चुना जाएगा, जो संगठन और सरकार के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर सके। प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन में प्रस्तावक के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और संगठन के प्रमुख नेता शामिल हो सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस बार प्रदेश अध्यक्ष के चयन में संगठनात्मक मजबूती, जमीनी पकड़ और व्यापक स्वीकार्यता को प्रमुख आधार बनाया है।

पिछड़ा या दलित नेता हो सकता है अध्यक्ष

प्रदेश का नया अध्यक्ष कौन होगा, इसका खुलासा तो चुनाव के दिन ही होगा। लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस बार भी भाजपा पिछड़े या दलित वर्ग से किसी ऐसे नेता पर दांव लगा सकती है, जिसके साथ सरकार का समन्वय बेहतर रहने और संगठन का लंबा अनुभव हो। हालांकि दावेदारों में तो कई नामों की चर्चा है, लेकिन सबसे अधिक चर्चा जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव, पूर्व एमएलसी विद्यासागर सोनकर, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री धर्मपाल सिंह और बीएल वर्मा के नाम की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *