चेन्नई: तमिलनाडु के कडलूर जिले में बुधवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई। वहीं, चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि तिरुचिरापल्ली से चेन्नई जा रही रोडवेज बस का स्टेट हाईवे पर टायर फट गया था। बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ती हुई दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहीं दो कारों को कुचल दिया। दोनों कारें बस के नीचे फंसकर पूरी तरह चकनाचूर हो गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही तित्ताकुडी और रामनाथम पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तित्ताकुडी और पेरंबलूर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण चेन्नई-तिरुचि नेशनल हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे बाद क्रेन से वाहन हटाकर यातायात चालू किया गया।
मृतकों में 5 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल
सड़क हादसे में दोनों कारों में सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 2 लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में 5 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। 4 घायलों का इलाज जारी है, इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं।
VIDEO | Tamil Nadu: Nine persons feared dead and few injured in a road accident involving a government bus and two cars on a national highway near Cuddalore's Thittakudi.#TamilNadu
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/Wqo6XYACan
— Press Trust of India (@PTI_News) December 24, 2025
मुख्यमंत्री स्टालिन ने किया मुआवजे का ऐलान किया
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस हादसे पर गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 3-3 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।