उत्तर प्रदेश, एजुकेशन, राजनीति

SRMS में दो दिवसीय हैंड्स-ऑन कार्यशाला का आयोजन, स्‍टूडेंट्स ने सीखे तकनीकी गुण

SRMS में दो दिवसीय हैंड्स-ऑन कार्यशाला का आयोजन, स्‍टूडेंट्स ने सीखे तकनीकी गुण

बरेली: श्री राम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग ने 16 और 17 फरवरी को सीएडी प्रिंटिंग का परिचय विषय पर दो दिवसीय हैंड्स-ऑन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के संकाय समन्वयक डॉ. सत्य देव एवं डॉ. पुष्पेंद्र यादव रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ एमओसी साक्षी तिवारी द्वारा अतिथियों एवं प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुआ।

विभागाध्यक्ष (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) डॉ. रविंद्र कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रभाकर गुप्ता ने अपने संबोधन में आधुनिक उद्योगों एवं इंडस्ट्री 4.0 में 3डी प्रिंटिंग जैसी उभरती तकनीकों के महत्व को रेखांकित किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आशीष कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में उप-प्राचार्या डॉ. ऋतु सिंह, आईआईसी के संयोजक इंजी. आशीष अग्रवाल तथा अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।

पहले दिन 3डी प्रिंटिंग तकनीक के विकास पर चर्चा

पहले दिन डॉ. सत्य देव ने औद्योगिक क्रांतियों तथा 3डी प्रिंटिंग तकनीक के विकास पर विस्तृत व्याख्यान दिया। प्रतिभागियों को इंडस्ट्री 1.0 से इंडस्ट्री 5.0 तक के परिवर्तन एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग की बढ़ती प्रासंगिकता से अवगत कराया गया। इसके पश्चात टिंकरिंग लैब में डॉ. प्रदीप कुमार यादव, डॉ. सत्य देव एवं डॉ. पुष्पेंद्र यादव के मार्गदर्शन में सीएडी मॉडलिंग एवं 3डी प्रिंटिंग सिस्टम पर प्रायोगिक सत्र आयोजित किए गए। दूसरे दिन डॉ. पुष्पेंद्र यादव ने 3डी प्रिंटिंग सिस्टम के कार्य सिद्धांत, प्रमुख घटकों एवं विभिन्न अनुप्रयोगों की जानकारी दी। उन्नत मॉडलिंग अभ्यास एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया।

इसके बाद टिंकरिंग लैब में डॉ. सत्य देव एवं डॉ. पुष्पेंद्र यादव के निर्देशन में 3डी प्रिंटिंग पर हैंड्स-ऑन सत्र आयोजित किए गए। कार्यशाला का समापन ऑनलाइन क्विज, संवादात्मक चर्चा एवं फीडबैक सत्र के साथ हुआ। क्विज के विजेताओं को प्राचार्य ने प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा तकनीकी चर्चाओं एवं प्रायोगिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता दिखाई। इस आयोजन ने प्रतिभागियों के एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग तकनीक संबंधी ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि की। मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग ने कार्यशाला को सफल बनाने के लिए प्राचार्य, संसाधन व्यक्तियों, आयोजन टीम एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *