उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया, स्पेशल स्टोरी, हेल्थ

UP में वृक्षारोपण बना जन आंदोलन, पिछले नौ वर्षों में लगाए गए 243 करोड़ से अधिक पौधे

UP में वृक्षारोपण बना जन आंदोलन, पिछले नौ वर्षों में लगाए गए 243 करोड़ से अधिक पौधे
  • अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस पर ‘अरण्य समागम राष्ट्रीय वानिकी संवाद’ का होगा आयोजन, सीएम योगी करेंगे उद्घाटन

UP News: अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस पर राजधानी लखनऊ में शानिवार को एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है।  “अरण्य समागम राष्ट्रीय वानिकी संवाद” नामक एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित होगी, जिमसें प्रदेश में वनों के संरक्षण, विकास और अर्थव्यवस्था में उनकी भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया जायेगा। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विशेषज्ञ और देशभर से आए वनाधिकारी प्रतिभाग करेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य वनों को लेकर जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जन आंदोलन का रूप देना है। कार्यशाला का मुख्य विषय “वन एवं अर्थव्यवस्थाएं” रखा गया है। इसमें वानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचार, वन प्रबंधन का आधुनिकीकरण, डिजिटलीकरण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उपायों पर चर्चा होगी।

वन्यजीव संरक्षण के उपायों पर भी साझा होंगे विचार

साथ ही, वन्यजीव संरक्षण के उपायों पर भी विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। यह जानकारी वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना ने दी है। उन्होंने बताया, वन केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही नहीं, बल्कि रोजगार, आजीविका और उद्योगों के लिए कच्चा माल उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश में वन आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नियमों को सरल बनाया गया है, जिससे पिछले नौ वर्षों में 2467 से अधिक उद्योग स्थापित हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में बीते नौ वर्षों में व्यापक जनभागीदारी के साथ 243 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिसमें वनावरण में वृद्धि के साथ बाघ, हाथी, डॉल्फिन, सारस और गिद्धों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।

UP में वृक्षारोपण बना जन आंदोलन, पिछले नौ वर्षों में लगाए गए 243 करोड़ से अधिक पौधे

वृक्षारोपण बना जन आंदोलन

मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने बताया कि उत्तर प्रदेश में वृक्षारोपण को अभियान नहीं, बल्कि जन आंदोलन का रूप दिया गया है। विश्व पर्यावरण दिवस, वन महोत्सव और अन्य अवसरों पर बड़े स्तर पर पौधरोपण के साथ पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाते हैं। नदियों के किनारों, एक्सप्रेस-वे और राजमार्गों के आसपास भी बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जा रहे हैं। साथ ही अटल वन, एकलव्य वन, ऑक्सी वन और शौर्य वन जैसे विशेष वन विकसित किए गए हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश सरकार ने किसानों को वृक्षारोपण से जोड़ते हुए कार्बन फाइनेंस प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसके तहत किसानों को आर्थिक लाभ दिया जा रहा है। इस पहल को लागू करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *