लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रविवार (27 जुलाई) देर रात 66 पीसीएस अधिकारियों के ट्रांसफर किए। इस फेरबदल में सबसे अधिक असर उप जिलाधिकारियों (SDM) पर पड़ा है, जिनमें से 60 से ज्यादा अधिकारियों का कार्यक्षेत्र बदला गया है। यह तबादले मुख्य रूप से नगर निकायों, राजस्व प्राधिकरणों और चकबंदी विभाग जैसे अहम विभागों में किए गए हैं।
इन अधिकारियों को मिले नए दायित्व
- श्रद्धा पाण्डेय, जो फिलहाल आगरा की उपजिलाधिकारी थीं, को अब नगर निगम आगरा में सहायक नगर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- प्रदुमन कुमार को कानपुर देहात से स्थानांतरित कर श्रावस्ती का नया उप जिलाधिकारी बनाया गया है।
- निशा श्रीवास्तव, जो अब तक गोरखपुर में सेवाएं दे रही थीं, उन्हें वाराणसी नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।
- रवि कुमार सिंह को यूपीडा (UPEIDA) लखनऊ में उप जिलाधिकारी पद पर तैनात किया गया है।
- इसके अलावा, विकास सिंह, विराग करवरिया, बृज मोहन शुक्ला और प्राची त्रिपाठी सहित कई अन्य अधिकारियों को लखनऊ नगर निगम और अन्य महत्वपूर्ण विभागीय पदों पर स्थानांतरित किया गया है।
तबादलों के पीछे की वजह
सूत्रों की मानें तो यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल सरकारी कामकाज में गति लाने, स्थानीय शासन को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है। नगरीय निकायों और अन्य विभागों में आगामी योजनाओं और चुनावी तैयारियों के मद्देनज़र यह कदम अहम माना जा रहा है।