बरेली: जिले में पासपोर्ट कार्यालय और उसके अधीन पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार को पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पासपोर्ट कार्यालय परिसर को खाली करवाकर करीब डेढ़ घंटे तक सघन जांच की। बम या कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अफसरों ने राहत की सांस ली।
पासपोर्ट कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह 10:57 बजे ई-मेल मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। प्रेमनगर थाना पुलिस डीडी पुरम स्थित पासपोर्ट कार्यालय और बारादरी पुलिस पीलीभीत बाइपास स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचीं। सीओ एलआईयू विजय राणा के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता, एलआईयू, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉयड ने कार्यालयों में पहुंचकर सघन तलाशी की।
ई-मेल भेजने वाले की तलाश जारी
जांच के दौरान कार्यालय के सभी कर्मियों और विभिन्न कार्यों से आए लोगों को भी बाहर निकाल दिया गया। आने वाले लोगों के बैग भी चेक किए गए, लेकिन कहीं कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच पूरी पर टीम लौट गई और कार्यालय का कामकाज फिर से सामान्य हो गया। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह के अनुसार, ई-मेल में भेजने वाले का जिक्र नहीं है। भाषा भी पूर्व के ई-मेल से अलग है। पुलिस आईपी एड्रेस के जरिए भेजने वाले की तलाश करेगी।
कार्यालय में शनिवार और रविवार को अवकाश था। इसलिए शुक्रवार शाम और सोमवार सुबह के सीसी फुटेज भी देखे गए, लेकिन कोई संदिग्ध नहीं दिखा। आवेदक और कार्यालय के कर्मियों की ही आवाजाही रही। हालांकि, एहतियातन सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। वे कार्यालयों के आसपास संदिग्धों की तलाश कर रही हैं।
आठ पासपोर्ट सेवा केंद्रों में भी विस्फोट की धमकी
ई-मेल में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अधीन आठ पासपोर्ट सेवा केंद्रों में भी धमाके की धमकी दी गई थी। सभी सेवा केंद्रों के प्रभारियों को तत्काल परिसर खाली कर पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया। लिहाजा, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, नगीना पासपोर्ट सेवा केंद्र में भी स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने जांच की। हालांकि, इन केंद्रों पर भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
बदायूं में भी सतर्कता और जांच
बदायूं जिले में भी धमकी भरे मेल के बाद सतर्कता बरती गई। डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में पुलिस तथा विशेष जांच टीमों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों तक चली इस जांच के दौरान किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई। इससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की टीम ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। जिले में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है।