लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में लखनऊ को देश में तीसरा स्थान प्राप्त होने की ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद नगर निगम मुख्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए इस सफलता के पीछे मौजूद नेतृत्व, मार्गदर्शन और सामूहिक प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। महापौर ने राजनाथ सिंह का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और केंद्र से मिलने वाले समर्थन की वजह से लखनऊ लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी का भी आभार प्रकट किया, जिनके सशक्त नेतृत्व में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया गया और उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।
महापौर ने कहा, ‘मैं सभी मंत्रियों का दिल से आभार व्यक्त करती हूं, जिनकी नीति, नीयत और निरंतर संवाद के कारण लखनऊ देश के टॉप-3 स्वच्छ शहरों में शामिल हुआ है।‘ महापौर प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अब नगर निगम की सबसे प्रमुख प्राथमिकता लखनऊ में ‘वेस्ट टू एनर्जी’ प्लांट की स्थापना करना है, जिससे शहर के ठोस कचरे का वैज्ञानिक व स्थायी समाधान हो सके। इसके अलावा उन्होंने सीवर व्यवस्था में सुधार को लेकर जलकल विभाग और नगर निगम के बीच समन्वय को और मजबूत करने की बात कही। महापौर ने नगर निगम के सभी पार्षदों का भी विशेष धन्यवाद किया और कहा कि “पार्षदों की सक्रियता, जागरूकता और अपने-अपने वार्डों में सतत कार्यों की वजह से ही आज लखनऊ यह सम्मान प्राप्त कर सका है।”