उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति, सोशल मीडिया, स्पेशल स्टोरी, स्पोर्ट्स

T20 World Cup 2026 IND vs ENG Semi Final: हाई वोल्टेज मैच में भारत की जीत, फाइनल में पहुंची टीम इंडिया

T20 World Cup 2026 IND vs ENG Semi Final:

T20 World Cup 2026 IND vs ENG Semi Final: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम ने 7 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इंग्लैंड को हराकार भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब टूर्नामेंट के फाइनल मैच में टीम इंडिया का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। न्यूजीलैंड से रविवार यानी 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिडंत होगी। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडियन टीम ने  20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। भारत ने इंग्लैंड के सामने 254 रनों का लक्ष्य रखा।

टीम इंडिया के लिए संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली। इसमें आठ चौके और सात छक्के शामिल रहे। हालांकि अभिषेक का बल्ला फिर नहीं चला और वे 9 ही रन बनाकर चलते बने। ईशान ने तीन नंबर पर आकर 18 बॉल पर 39 रनों की धमाकेदार पारी खेली। शिवम दुबे ने 25 बॉल पर 43 रन बनाए। हार्दिक ने 12 पर 27 और तिलक ने केवल सात बॉल पर 21 रनों की पारी खेल दी। बता दें कि इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर भारत को पहले बैटिंग के लिए बुलाया था। जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी। उनके लिए जैकब बेथेल ने 105 रन बनाए।

टॉस के वक्त क्या बोले कप्तान

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के वक्त कहा कि वे पहले बैटिंग करना चाहते थे, जो टॉस हारकर भी उन्हें मिल गया है। उन्होंने कहा कि टी20 विश्व कप का सेमीफाइनल बड़ा मुकाबला होता है। यहां हवा भी चल रही है। मुझे नहीं लगता कि ज्यादा ओस होगी। पिच अच्छी लग रही है। टीम में कोई बदलाव नहीं है।

  • भारत की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

  • इंग्लैंड की प्लेइंग XI: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद

IND vs ENG हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और इंग्लैंड के बीच यह तीसरा सेमीफाइनल मुकाबला है। 2022 के वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने बाजी मारी थी, जबकि 2024 में टीम इंडिया को जीत मिली थी। दिलचस्प बात यह है कि पिछले दोनों मौकों पर सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने आखिरकार टूर्नामेंट का खिताब भी अपने नाम किया। बता दें, भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 29 T20I मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय टीम को 17 बार और इंग्लैंड को 12 बार जीत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *