Swami Avimukteshwaranand: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला प्रकाश में आया है. इस घटना के बाद उनके समर्थकों और संगठन से जुड़े लोगों में चिंता का माहौल है, जबकि मामले को लेकर अब कानूनी कदम उठाने की तैयारी शुरू हो गई है, और उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मीडिया प्रभारी संजय पांडेय के अनुसार, ज्योतिर्मठ के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर संदिग्ध नंबर से धमकी भरे टेक्स्ट और वॉयस मैसेज भेजे गए. जानकारी के मुताबिक, एकअप्रैल की सुबह करीब 10:25 से 10:35 बजे के बीच लगातार कई आपत्तिजनक संदेश प्राप्त हुए. इन संदेशों में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई.
वॉयस मेल में मिले धमकी भरे संदेश
जब संबंधित नंबर को ब्लॉक कर दिया गया, तब भी मामला यहीं नहीं रुका. 6 अप्रैल को दोपहर 1:55 और 1:57 बजे वॉयस मेल के जरिए फिर धमकी भरे ऑडियो संदेश भेजे गए. इन संदेशों में स्वामी जी को माफिया अतीक अहमद की तरह अंजाम भुगतने की धमकी दी गई, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. फिलहाल, इस मामले में विधिक सलाह ली जा रही है और जल्द ही औपचारिक शिकायत दर्ज कराए जाने की संभावना है. संजय पांडेय ने बताया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद इन दिनों “गो माता-राष्ट्रमाता” अभियान चला रहे हैं, जिसका उद्देश्य देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को मजबूत करना है. इसी कड़ी में 3 मई से उत्तर प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में “गविष्ठी यात्रा” शुरू करने की योजना बनाई गई है.