Bareilly: एसआईआर से आम आदमी न डर रहा है और न घबरा रहा है। जिन लोगों को डर है कि घुसपैठियों के नाम सत्यापन के बाद मतदाता सूची से कट जाएंगे, वही एसआईआर से घबरा रहे हैं। यह बातें प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बरेली के सर्किट हाउस में पत्रकारों से कहीं। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर के लिए अभी आठ दिन शेष हैं। जिन लोगों को फॉर्म भरना है वह आसानी से भर सकते हैं। मतदाताओं का सत्यापन करना चुनाव आयोग का काम है, इसमें गलत कुछ भी नहीं है। इस काम में प्रदेश या केंद्र सरकार की कोई भूमिका भी नहीं है।
वहीं, स्कूलों में वंदे मातरम के सामूहिक गायन को लेकर विरोध करने वालों के संबंध में वित्तमंत्री ने कहा कि यह देश को आजादी दिलाने वाले शूरवीरों का प्रिय गीत था। देश की आजादी के बाद जो व्यवस्था बनी है, उसके अनुसार राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के लिए हमारे मन में विशेष सम्मान है। इस दौरान भाजपा के एमएलए संजीव अग्रवाल और महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वित्तमंत्री से मिले रबर फैक्टरी के कर्मचारी
फतेहगंज पश्चिमी स्थित बंद पड़ी रबर फैक्टरी के कर्मचारी अपने बकाया भुगतान के लिए वित्तमंत्री से गुहार लगाए। कर्मचारियों ने बताया कि उनके पक्ष में अदालत के आदेश के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस पर वित्तमंत्री ने कहा कि पूरे कागजात के साथ मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से मिलकर अपनी बात रखें। नियमानुसार जो भी मदद हो सकती है वह की जाएगी।