बरेली: शहर में ठंड और कोहरे के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनें 14 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। बरेली होकर गुजरने वाली करीब दो दर्जन ट्रेनें कई-कई घंटे लेट हैं, जबकि 6 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है।
हालात ऐसे हैं कि बसों में यात्रियों की संख्या काफी कम हो गई है। इसके चलते रोडवेज बसों के फेरों में कटौती की गई है। रात में बहुत कम बसें चलाई जा रही हैं। बस में अगर 24 से कम यात्री हैं तो बस नहीं चलाई जा रही है। AC बसों के फेरों में भी कमी की गई है। हादसों के डर से लोग सफर करने से बच रहे हैं।
हर माध्यम पर मौसम की मार
कोहरा और सर्दी की वजह से बस, ट्रेन और फ्लाइट सभी लेट चल रही हैं, तो कई बार इन्हें कैंसिल भी करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को बरेली में शिमला जैसा मौसम महसूस किया गया। बरेली और शिमला में लगभग एक जैसा तापमान रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को बरेली का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं शिमला का न्यूनतम तापमान भी 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई ट्रेन कैंसिल और कई चल रही घंटों लेट
रोजा-बरेली, दिल्ली-बरेली पैसेंजर, उपासना एक्सप्रेस, शक्तिनगर-त्रिवेणी एक्सप्रेस, मुरादाबाद-बरेली पैसेंजर मेमू और बरेली-मुरादाबाद मेमू को कैंसिल किया गया है। वहीं, राजगीर स्पेशल फेयर स्पेशल साढ़े 6 घंटे देरी से चल रही है। सहरसा गरीब रथ 2 घंटे, अवध आसाम एक्सप्रेस 4 घंटे, गुवाहाटी अमरनाथ एक्सप्रेस 3 घंटे, हरिद्वार स्पेशल 13 घंटे 42 मिनट, बरेली एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, मोरध्वज एक्सप्रेस साढ़े 3 घंटे, जन नायक एक्सप्रेस 3 घंटे, देहरादून राप्ती गंगा एक्सप्रेस ढाई घंटे, कुंभ एक्सप्रेस 5 घंटे 10 मिनट और अमृतसर-हावड़ा मेल 2 घंटे 39 मिनट देरी से चल रही है। गंगा-सतलुज एक्सप्रेस भी साढ़े 3 घंटे लेट है। इसके अलावा करीब एक दर्जन ट्रेनें आधे से एक घंटे की देरी से चल रही हैं।
मुंबई की फ्लाइट फिर कैंसिल
बरेली में कोहरे का कहर जारी है। कोहरे की वजह से एक बार फिर मुंबई की फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ी। शुक्रवार को मुंबई-बरेली और बरेली-मुंबई की उड़ानें विजिबिलिटी कम होने के कारण रद्द कर दी गईं। मंगलवार को भी दोनों ओर की उड़ानें कोहरे के चलते कैंसिल की गई थीं।