नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में देखने को मिल रहा है। हवा का रुख बदल कर उत्तरी होने से ठंड ने दस्तक दे दी है। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। सुबह सर्द हवाओं के साथ हल्का कोहरा भी छाने लगा है।
मध्य प्रदेश का राजगढ़ गुरुवार को सबसे ठंडा रहा। यहां रात का पारा 15.6°C दर्ज हुआ। भोपाल का न्यूनतम तापमान 1.6°C गिरकर 18 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 2.4° कम है। राजस्थान के सिरोही में भी रात का तापमान 15.2° रहा। सीकर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री, पिलानी में 16.6 डिग्री और अजमेर में 16.9 डिग्री दर्ज किया गया।
हिमाचल के कई क्षेत्रों में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में लगातार चार दिन बारिश और बर्फबारी के बाद गुरुवार को मौसम साफ रहा। हालांकि, कुल्लू, लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, मंडी, कांगड़ा और शिमला में बर्फ की चादर बिछी है। लाहौल-स्पीति के केलोंग में कल सबसे कम तापमान -1°C दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में -0. 9°C तापमान रहा।
शिमला में न्यूनतम तापमान 9.8° और मनाली में 7.7° दर्ज किया गया। मनाली-लेह हाईवे दारचा और सरचू के बीच लगातार चौथे दिन बंद रहा। कोकसर से पलचान, रोहतांग दर्रे से मनाली, कोकसर से कुंजुम टॉप तक की सड़कें भी भारी बर्फबारी के कारण बंद हैं।
मध्य प्रदेश में 14 अक्टूबर से बारिश के आसार
मध्य प्रदेश के कई शहरों में रातें ठंडी होने लगी हैं। राजगढ़ में गुरुवार रात पारा 16 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। भोपाल में तापमान 18 डिग्री के आसपास रहा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन-जबलपुर समेत अधिकांश शहरों में दिन में धूप खिली रही। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में 14 अक्टूबर को कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं।
राजस्थान में 6 शहरों के अलावा सभी में पारा 20 डिग्री से नीचे
उत्तरी हवाएं चलने से राजस्थान में अचानक सर्दी बढ़ गई है। जोधपुर, चूरू, गंगानगर, अजमेर समेत 20 से ज्यादा शहरों में गुरुवार रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, कल राजस्थान के पाली जिले में सबसे ठंडी रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
हरियाणा के नारनौल में 3 दिन में 10 डिग्री तक गिरा तापमान
हरियाणा में 8 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिमी हवाओं का दौर शुरू हो गया है। इससे जिलों में तापमान लगातार गिर रहा है। नारनौल जिले में गुरुवार को अधिकतम तापमान लगातार तीसरे दिन 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। रोहतक में तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम दर्ज किया गया। राज्य में गुरुग्राम और हिसार में रातें सबसे ज्यादा ठंडी हो रही हैं। हिसार में गुरुवार को रात का तापमान 17.8 और गुरुग्राम में 17.7 डिग्री दर्ज किया गया।