स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल की शादी कैंसिल हो गई है। इस बात की घोषणा रविवार (07 दिसंबर) को खुद स्मृति ने एक इंटाग्राम पोस्ट के जरिए की है। दोनों की शादी 23 नवंबर को होनी थी। हल्दी से लेकर संगीत के कार्यक्रम हो चुके थे। बारात की तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में स्मृति मंधाना के पिता को हार्ट अटैक आने के बाद पोस्टपोन कर दी गई थी।
शादी टलने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैलने लगीं। दावा किया गया कि पलाश मुच्छल ने स्मृति के साथ धोखा किया है और उनका नाम वेडिंग कोरियोग्राफर से जोड़ा गया। इसी बीच, स्मृति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी से जुड़ी सभी तस्वीरें हटा दी थीं।
स्मृति ने पोस्ट में लिखी ये बात
स्मृति मंधाना ने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘पिछले कुछ हफ़्तों से मेरी ज़िंदगी को लेकर बहुत सारी अटकलें लगाई जा रही हैं और मुझे लगता है कि इस समय मेरे लिए बोलना ज़रूरी है। मैं बहुत प्राइवेट इंसान हूँ और मैं इसे ऐसे ही रखना चाहती हूँ, लेकिन मुझे यह साफ़ करना है कि शादी कैंसिल हो गई है।
मैं इस मामले को यहीं खत्म करना चाहती हूँ और आप सभी से भी ऐसा ही करने की गुज़ारिश करती हूँ। मैं आपसे रिक्वेस्ट करती हूँ कि कृपया इस समय दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करें और हमें अपनी गति से आगे बढ़ने और इस स्थिति से उबरने का समय दें।
मेरा मानना है कि हम सभी को कोई बड़ा मकसद चला रहा है और मेरे लिए वह हमेशा अपने देश को सबसे ऊँचे लेवल पर रिप्रेजेंट करना रहा है। मुझे उम्मीद है कि मैं जितना हो सके भारत के लिए खेलती रहूँगी और ट्रॉफ़ी जीतती रहूँगी और मेरा फ़ोकस हमेशा उसी पर रहेगा। आपके सभी सपोर्ट के लिए धन्यवाद। अब आगे बढ़ने का समय है।’

प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे थे पलाश
वहीं, पलाश 01 दिसंबर को संत प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे थे। वृंदावन के केलीकुंज आश्रम में बाकी भक्तों की तरह ही पलाश भी मास्क लगाए दिखे। उन्होंने एकांत वार्तालाप के दौरान ‘राधा-राधा’ नाम जप किया। सोमवार को स्मृति के साथ शादी टलने के बाद, पलाश मुच्छल दूसरी बार खुले तौर पर नजर आए। इससे पहले उन्हें एयरपोर्ट पर ऑल-ब्लैक लुक में स्पॉट किया गया था।