Shivpal Singh Yadav: सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे हैं। उन्होंने कहा कि हार के डर से सूबे की योगी सरकार जिला पंचायत चुनाव टाल रही है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों सरकारों को 10 साल हो गए, कोई काम किया नहीं। कोई वादा पूरा नहीं किया। दोनों सरकारों ने देश और प्रदेश को लूटा है। सपा नेता ने पंचायत चुनाव को लेकर बनी संशय की स्थिति पर कहा पंचायत चुनाव समय पर होने चाहिए। 2027 में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे जाने पर कहा कि पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी, सपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर दर्ज हुई प्राथमिकी पर उन्होंने कहा कि पहले तो शंकराचार्य का अपमान हुआ था, गंगा नहा नहीं सके। उनके शिष्यों की पिटाई की। आरोप है कि उनकी चोटी पकड़ कर अपमान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब झूठी प्राथमिकी लिखा दी है। सब भाजपा को समझ गए हैं, कितनी झूठी पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 28 प्रतिशत जीएसटी के रूप में देश को लूट लिया है। अब 28 से 18 प्रतिशत कर रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा जीएसटी 5-10 प्रतिशत होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों उप मुख्यमंत्रियों की सरकार में चल नहीं रही है। क्लर्क और चपरासी तक का ट्रांसफर नहीं करा सकते। विधायकों की नाराजगी के बारे में पूछे जाने पर बोले कि विधायकों की सुनवाई नहीं हो रही, पूरी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। हर विभाग में भ्रष्टाचार है, लूट रहे हैं। ब्राह्मण समाज की नाराजगी को लेकर कहा कि ब्राह्मण समाज हमारे साथ आए, पूरा सम्मान मिलेगा।