Shashi Tharoor: कांग्रेस से नाराजगी व मतभेद की खबरों के बीच सांसद शशि थरूर ने साफ-साफ कह दिया कि वे पार्टी छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी केरल विधानसभा चुनाव में सिर्फ अपनी पार्टी कांग्रेस और यूडीएफ की जीत चाहते हैं और खुद भी इसके लिए प्रचार करेंगे। तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों से बात करते हुए थरूर ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी एकमात्र इच्छा केरल में होने वाले विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी और UDF गठबंधन की जीत देखना है। उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्टी और गठबंधन की जीत के लिए प्रचार करेंगे।
मेरी केवल एक ही पार्टी है – कांग्रेस
थरूर ने इस बात पर भी जोर दिया कि उनकी केवल एक ही पार्टी है, और वह है कांग्रेस। यह सवाल बार-बार न पूछा जाए। इससे पहले शुक्रवार को भी उन्होंने साफ किया था कि वह कांग्रेस में ही रहेंगे और कहीं नहीं जा रहे हैं। गुरुवार को शशि थरूर ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस बैठक का उद्देश्य उनके उन गिले-शिकवों को दूर करना था, जो पिछले कुछ समय से केरल कांग्रेस के भीतर उन्हें दरकिनार किए जाने की खबरों के बाद उपजे थे। कोच्चि में एक कार्यक्रम के दौरान उनके साथ हुए व्यवहार से थरूर आहत थे, लेकिन आलाकमान से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि सब कुछ ठीक है और हम सभी एक साथ हैं।