एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्म ‘ओ रोमियो’ के खिलाफ हुसैन उस्तरा की बेटी ने एक याचिका दायर की थी। उन्होंने फिल्म की रिलीज रोके जाने की मांग की थी। हालांकि, बॉम्बे सिटी सिविल कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी है, जिसके बाद अब ये फिल्म तय तारीख पर ही रिलीज होगी। 07 फरवरी को गैंगस्टर हुसैन शेख की बेटी की याचिका पर सुनवाई हुई। उन्होंने याचिका में कहा था कि फिल्म के जरिए उनके पिता की निजता और प्रतिष्ठा का उल्लंघन किया गया है।
हालांकि, कोर्ट ने सुनवाई में कहा कि निजता का अधिकार व्यक्तिगत होता है और किसी व्यक्ति के निधन के बाद ये अधिकार खत्म हो जाता है। इसे परिवार की विरासत के तौर पर नहीं देखा जा सकता है। साथ ही कोर्ट ने ये भी कहा है कि किसी फिल्म या क्रिएटिविटी को रोकने के लिए व्यक्तिगत अधिकार का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने ये भी कहा कि मेकर्स की तरफ से फिल्म में एक डिस्क्लेमर दिया गया है, जिससे ये साफ है कि फिल्म फिक्शनल है और उसके पात्र भी काल्पनिक हैं। फिल्म के किरदारों की किसी असल व्यक्ति से समानता महज एक संयोग है।
कोर्ट का सवाल– रिलीज से ठीक पहले क्यों हुई रोके जाने की मांग?
कोर्ट ने शिकायतकर्ता पक्ष से साफ कहा है कि फिल्म ओ रोमियो की अनाउंसमेंट साल 2024 में हुई थी। तब से लेकर अब तक इस पर आपत्ति नहीं जताई गई। तो रिलीज से ठीक पहले क्यों। इस तरह की याचिका से मेकर्स और फिल्ममेकिंग से जुड़े लोगों को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंच सकता है।
13 फरवरी को रिलीज होगी फिल्म ओ रोमियो
बता दें कि फिल्म ओ रोमियो 13 फरवरी को रिलीज होने के लिए शेड्यूल है। फिल्म का निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है, जो इससे पहले कमीने, हैदर, मकबूल, ओमकारा, 7 खून माफ जैसी फिल्में बना चुके हैं। इस फिल्म में शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी लीड रोल में हैं, जबकि नाना पाटेकर, फरीदा जलाल, तमन्ना भाटिया, अविनाश तिवारी भी अहम किरदारों में हैं। फिल्म ओ रोमियो पॉपुलर राइटर हुसैन जैदी की बुक माफिया क्वींस ऑफ मुंबई पर आधारित है, जिसमें शाहिद कपूर मशहूर गैंगस्टर हुसैन उस्तरा के किरदार में हैं।