पटना: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार (15 दिसंबर) को संजय सरावगी को बिहार का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वे दरभंगा से विधायक हैं। पहले दिलीप कुमार जायसवाल बिहार के भाजपा अध्यक्ष थे। संजय सरावगी दरभंगा विधानसभा सीट से लगातार 6 बार से विधायक हैं। बीजेपी ऑफिस में डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने संजय सरावगी का स्वागत किया।
पिछले साल नीतीश सरकार में कैबिनेट विस्तार के दौरान संजय सरावगी को पहली बार मंत्री बनाया गया था। उनके नाम के ऐलान के साथ ही पटना मे बीजेपी ऑफिस में संजय सरावगी का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि, हम लोग पार्टी को मां के समान मानते हैं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास किया है, खरा उतरने का प्रयास करेंगे। हम लोग पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
एक-एक कार्यकर्ता पर रहती है नजर
संजय सरावगी ने आगे कहा कि उनकी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता पर निगाह रहती है। वो सबको देखते हैं कि कौन क्या कर रहा है। कल नितिन नबीन को वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया गया है, ये सबके लिए गौरव का विषय है। हम लोग रणनीति बनाएंगे कि कैसे पार्टी आगे बढ़े।
भारतीय जनता पार्टी, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष पद पर श्री @sanjay_saraogi जी की नियुक्ति पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
संगठनात्मक अनुभव, जमीनी जुड़ाव और निर्णायक नेतृत्व के साथ आपका मार्गदर्शन निश्चित ही भाजपा को बिहार में और अधिक सशक्त बनाएगा।
आपके नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा… pic.twitter.com/7Fg9PklQ25
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) December 15, 2025
छह बार से विधायक हैं संजय सरावगी
संजय सरावगी ने सबसे पहले 2005 में विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद 2005 के नवंबर महीने में हुए चुनाव में भी उन्हें जीत मिली। इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 में भी विधायक चुने गए। हालांकि इस बार उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया था। उसी समय ये चर्चा थी कि उन्हें प्रदेश में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। बिहार में अब संगठन का काम संजय सरावगी ही देखेंगे।
सन् 1969 में जन्में 55 साल के संजय सरावगी वैश्य समुदाय से आते हैं। संजय सरावगी भाजपा के पुराने और भरोसेमंद चेहरे हैं और कारोबारी वर्ग में गहरी पकड़ रखते हैं। मिथिलांचल की सियासत में दरभंगा का खासा प्रभाव माना जाता है।
स्टूडेंट लाइफ से ही पॉलिटिक्स में एंट्री ली
दरभंगा के गांधी चौक के रहने वाले संजय सरावगी का जन्म 28 अगस्त, 1969 को हुआ था। उन्होंने एमकॉम और एमबीए की पढ़ाई की है। स्टूडेंट लाइफ में ही संजय सरावगी ने पॉलिटिक्स जॉइन की थी। भाजपा के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से उन्होंने छात्र राजनीति की शुरुआत की। सन् 1995 में संजय सरावगी ने भाजपा की सदस्यता ली।
सरावगी मार्च 2005, नवंबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में बीजेपी के टिकट पर दरभंगा सदर से विधायक चुने गए। संजय सरावगी दरभंगा नगर निगम से वार्ड पार्षद भी रह चुके हैं। उनकी छवि साफ छवि के नेता की रही है। दरभंगा शहर की जनता के बीच वे चर्चित चेहरा हैं। साल 2018 में उन्हें विधानसभा की प्राकलन समिति का अध्यक्ष भी बनाया गया था।