Lucknow: सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता के मकसद से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की ओर से नेट जीरो सरोजनीनगर नाम से विशेष अभियान की शुरुआत की जाएगी। 22 फरवरी को सुबह 11 बजे से होने वाले रोड शो की शुरुआत फिल्म अभिनेता संजय दत्त करेंगे। कार्यक्रम के तहत संजय दत्त सरोजनीनगर क्षेत्र में एक भव्य रोड शो के माध्यम से नागरिकों और युवाओं से संवाद करेंगे। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को पर्यावरण वीर का पुरस्कार देंगे।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि सरोजनीनगर में विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण व लोकतांत्रिक जागरूकता को समान प्राथमिकता दी जा रही है। नेट जीरो सरोजनीनगर अभियान इसी दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। उद्देश्य युवाओं और नव मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है। संजय दत्त इस अवसर पर युवाओं से अपील करेंगे कि वे मतदाता सूची में अपना नामांकन सुनिश्चित करें, अपने मतदाता पहचान पत्र बनवाएं और लोकतंत्र के सबसे महत्वपूर्ण अधिकार मतदान का सक्रिय रूप से इस्तेमाल करें।