-
मिर्जापुर के शहीद उद्यान से काशी–वाराणसी के सारनाथ तक निकाली जाएगी पदयात्रा
Sanjay Singh: बेरोज़गारी, पेपर लीक, आरक्षण में घोटालों और बढ़ते सामाजिक भेदभाव के ख़िलाफ़ ‘आप’ प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने तीसरे चरण की ‘रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा की शुरुआत 16 जनवरी से 22 जनवरी तक करने का एलान किया है। यह पदयात्रा मिर्जापुर के शहीद उद्यान से काशी–वाराणसी के सारनाथ तक निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का स्पष्ट उद्देश्य है—युवाओं को नौकरी, वंचित वर्गों को संवैधानिक न्याय और सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह बनाना। संजय सिंह ने कहा कि यात्रा से जुड़ने के लिए नंबर 7500040004 पर मिस्ड कॉल दें या मोबाइल नंबर 8588841358 पर कॉल करें।
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रोजगार के नाम पर एक संगठित खेल चल रहा है। “कभी पेपर लीक, कभी हाईकोर्ट से स्टे, कभी सुप्रीम कोर्ट में सरकार की अपील—नतीजा यह कि नौजवान हाथ में फाइल और आंखों में सपने लिए दर-दर भटक रहा है।” उन्होंने कहा कि लेखपाल, दरोगा, सिपाही, पीसीएस-जे जैसी परीक्षाओं में बार-बार गड़बड़ियां कराकर युवाओं का भविष्य चौपट किया गया है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में ओबीसी, एससी और एसटी के संवैधानिक आरक्षण को सुनियोजित तरीके से कमजोर किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक न्याय का मुद्दा इसलिए केंद्रीय है क्योंकि नौकरी और सम्मान—दोनों छीने जा रहे हैं।