Rajeshwar Singh: लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने प. बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल का यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। बंगाल भारत का अभिन्न अंग है और इस बार भाजपा वहां सरकार बनाएगी। ममता बनर्जी के कुशासन से बंगाल की जनता त्रस्त है। घुसपैठ ने राज्य को बुरी तरह प्रभावित किया है। ममता बनर्जी केवल तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं। इसके अलावा उन्होंने कुछ नहीं किया। वे एक विशेष वर्ग को लुभाकर राजनीति कर रही हैं।
बंगाल में रुकी विकास की रफ्तार
राजेश्वर सिंह ने कहा कि एक समय बंगाल को विकसित राज्यों में गिना जाता था, लेकिन ममता बनर्जी की सरकार में विकास की रफ्तार पूरी तरह रुक गई है। राज्य की हालत भुखमरी जैसी हो गई है। घुसपैठ ने बंगाल की संस्कृति और पहचान को खत्म कर दिया है। कुछ जिलों में मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ गई है जिसके लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं। वे राष्ट्रहित में काम नहीं कर रही हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
यूपी में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेताओं के दावे पर भाजप विधायक ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के बयानों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। वे केवल ड्राइंग रूम पॉलिटिक्स करते हैं। उन्हें जमीनी हकीकत का कोई ज्ञान नहीं है। कांग्रेस नेताओं को अब ड्राइंग रूम से निकलकर जमीन पर आकर काम करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में वर्तमान में केवल दो सीटों पर सिमट चुकी है। कहीं आगे चलकर यह संख्या और भी कम न हो जाए।