लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार (19 सितंबर) को 39 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस साल सोनभद्र में रिहंद बांध पांचवीं बार ओवरफ्लो हो गया। वाटर लेवल 870.4 फीट पार होने पर सिंचाई विभाग ने तीन गेट खोल दिए। यह प्रदेश का सबसे बड़ा बांध है। 24 घंटे में बिजली गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। जौनपुर में तीन, कौशांबी में दो और हमीरपुर में एक की जान गई है।
प्रतापगढ़ के गोविंदपुर गांव में बिजली गिरने से एक घर में आग लग गई। गांव वालों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। कासगंज में गंगा नदी फिर से उफनाई गई। 24 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। पटियाली तहसील के राजेपुरकुर्रा गांव में गंगा का पानी घुस गया। नाव संचालन भी ठप पड़ गया। ऐसे में राजेपुरकुर्रा गांव के दो लोगों ने प्लास्टिक की पन्नियों, भूसे और तिरपाल से जुगाड़ की नाव बनाई। उस पर साइकिलें रखकर बाजार गए। यह देखकर लोग चौंक गए।
महराजगंज में पुलिस चौकी डूबी
सहारनपुर में 6 से अधिक बरसाती नदियों में अचानक सैलाब आ गया। शाकंभरी देवी मंदिर तक पहुंचने के लिए नदी में लोहे का अस्थायी पुल बनाया गया था, जो महज 3 सेकेंड में ढह गया। महराजगंज में दो दिनों से नेपाल के पहाड़ी इलाकों में बरसात के चलते नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। ठुठीबारी के लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में बाढ़ का पानी घुटनों से ऊपर भर गया है। लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी डूब गई।
कौशांबी में बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत
कौशांबी में गुरुवार दोपहर से हो रही तेज बारिश और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। जिसका इलाज मूरतगंज के निजी अस्पताल में चल रहा है।
पहली घटना: कोखराज थाना क्षेत्र के गांव पलटीपुर में खेत पर काम कर रही लीला देवी (45), पत्नी रमेशचंद्र सोनकर की मौके पर मौत हो गई। वहीं, पास ही बंधी दो बकरियां भी मर गईं।
दूसरी घटना: संदीपन घाट थाना क्षेत्र के गांव देवरा में करैला तोड़ रही शाहजहां बेगम (45) की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। इस दौरान शशि (14) पुत्री राम नारायण निवासी परऊमिया का पूरा गंभीर रूप से झुलस गई।
महराजगंज में पुलिस चौकी डूबी
महराजगंज में पिछले दो दिनों से नेपाल के पहाड़ी इलाकों में बरसात के चलते नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। ठुठीबारी के लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में बाढ़ का पानी घुटनों से ऊपर भरा हुआ है। लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी डूब गई है। सरकारी स्कूल में भी बाढ़ है।
यूपी के 39 जिलों में बारिश का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।