उत्तर प्रदेश, राजनीति

बरेली के परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में 16 घंटे से छापेमारी जारी, बरेली पहुंची दिल्ली-लखनऊ की टीमें

बरेली के परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में 16 घंटे से छापेमारी जारी, बरेली पहुंची दिल्ली-लखनऊ की टीमें

बरेली: जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र में परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में सुपीरियर शराब फैक्ट्री में मंगलवार रात लगभग 9 बजे से लगातार आयकर विभाग (Income Tax) की छापेमारी जारी है। इनकम टैक्स की टीमों ने अचानक से शराब फैक्ट्री में छापा मारा। दिल्ली, लखनऊ और बरेली की संयुक्त टीमों की करीब 12 गाड़ियों ने पहुंचते ही पूरी फैक्ट्री को अपने घेरे में ले लिया।

कार्रवाई इतनी गोपनीय है कि बीते 16 घंटे से फैक्ट्री के अंदर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। तब से लेकर अब तक फैक्ट्री के गेट बंद हैं और किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह मना है।

दस्तावेज और मोबाइल जब्त

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अधिकारियों ने सबसे पहले फैक्ट्री के मालिक और मैनेजर के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। टीम ने फैक्ट्री के ऑफिस, कंप्यूटर सेक्शन और अकाउंट विभाग को अपने कब्जे में लेकर कागजों की पड़ताल शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इनकम टैक्स की यह कार्रवाई बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और क्षमता से अधिक शराब उत्पादन की सूचना मिलने के बाद की गई है।

इंडस्ट्रियल एरिया में इस बड़ी कार्रवाई से अन्य उद्यमियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार दोपहर तक भी टीम फैक्ट्री के अंदर ही मौजूद है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का केवल इतना कहना है कि जांच अभी चल रही है और पूरी प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

सुपीरियर ग्रुप शराब और बेवरेज इंडस्ट्री का बड़ा नाम

सुपीरियर इंडस्ट्रीज के मालिक प्रदीप अग्रवाल हैं, जो दिल्ली और नागपुर में रहते हैं। उनका मुख्य प्लांट बरेली के सीबीगंज में स्थित है, जो यूपी की प्रमुख डिस्टिलरी यूनिट्स में से एक है। प्रदीप अग्रवाल ग्रुप के मुख्य प्रमोटर और चेयरमैन हैं। वे पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय मुरली मनोहर अग्रवाल के बेटे हैं। उनके बेटे विशाल अग्रवाल ग्रुप में वाइस-चेयरमैन के रूप में काम कर रहे हैं। कंपनी का मुख्य प्रबंधन नई दिल्ली से संचालित होता है।

कंपनी के प्रमुख बिजनेस

अल्कोहल उत्पादन: बरेली यूनिट में देशी शराब, एथेनॉल और IMFL का बड़े स्तर पर उत्पादन।

कोका-कोला फ्रेंचाइजी: ग्रुप भारत में कोका-कोला के पुराने और बड़े बॉटलिंग पार्टनर्स में से एक है। नागपुर, जबलपुर और छत्तीसगढ़ में इसके प्लांट हैं।

इंडस्ट्रियल केमिकल्स: एथिल अल्कोहल और अन्य औद्योगिक रसायनों का निर्माण।

DDGS उत्पादन: पशु आहार में उपयोग होने वाला DDGS भी बनाया जाता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सुपीरियर ग्रुप का सालाना कारोबार लगभग 1,800 से 2,000 करोड़ रुपये है। बरेली की यूनिट ग्रीन फ्यूल और आधुनिक तकनीक पर आधारित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *