देश-दुनिया, राजनीति, सोशल मीडिया

बीजेपी और चुनाव आयोग को नहीं करने देंगे बिहार चुनाव की चोरी: राहुल गांधी

बीजेपी और चुनाव आयोग को नहीं करने देंगे बिहार चुनाव की चोरी: राहुल गांधी

Rahul Gandhi News: भुवनेश्वर में कांग्रेस के संविधान बचाओ समावेश कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। बिहार में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र की तरह अब बिहार में चुनाव को चोरी करने की साजिश कर रही है। लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है। मैं कल बिहार में था। जिस तरह महाराष्ट्र में चुनाव की चोरी की गई, उसी तरह का प्रयास बिहार में किया जा रहा है। चुनाव की चोरी के लिए चुनाव आयोग ने एक नई साजिश रची है। चुनाव आयोग भाजपा की शाखा के रूप में काम कर रहा है, वह अपना काम नहीं कर रहा है।

हम चुनाव आयोग और भाजपा को चोरी नहीं करने देंगे

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच एक करोड़ नए मतदाता जोड़े गए। कोई नहीं जानता कि ये मतदाता कौन थे और वे कहां से आए थे? हमने चुनाव आयोग से कई बार कहा कि हमें मतदाता सूची और वीडियोग्राफी उपलब्ध कराएं। लेकिन चुनाव आयोग ने हमें यह उपलब्ध नहीं कराया। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में मैंने विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं से कहा कि हम चुनाव आयोग और भाजपा को बिहार चुनाव की चोरी नहीं करने देंगे।

ओडिशा सरकार और नरेंद्र मोदी को चलाते हैं अदाणी

राहुल गांधी ने कहा कि ओडिशा सरकार का एक ही काम है, राज्य के गरीब लोगों के हाथों से ओडिशा का धन चुराना। पहले बीजद सरकार ने यही किया और अब भाजपा सरकार यही कर रही है। एक तरफ ओडिशा की गरीब जनता, दलित, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग, किसान और मजदूर हैं और दूसरी तरफ 5-6 अरबपति और भाजपा सरकार है। यह लड़ाई जारी है। केवल कांग्रेस कार्यकर्ता, ओडिशा की जनता के साथ मिलकर, इस लड़ाई को जीत सकते हैं, कोई और नहीं।

राहुल गांधी ने कहा कि अदाणी ओडिशा सरकार चलाते हैं, अदाणी नरेंद्र मोदी को चलाते हैं। जब ओडिशा में जगन्नाथ यात्रा निकाली जाती है, जब जगन्नाथ यात्रा के रथ खींचे जाते हैं, तो लाखों लोग इसे देखते हैं और इसका अनुसरण करते हैं। फिर एक नाटक होता है – अदाणी और उनके परिवार के लिए रथ रोक दिए जाते हैं। इससे आपको ओडिशा सरकार के बारे में सब कुछ समझ में आ जाएगा। यह ओडिशा सरकार नहीं है, यह अडानी जैसे 5-6 अरबपतियों की सरकार है। इसका लक्ष्य आपकी जमीन, जंगल और भविष्य को चुराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *