Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच गए हैं। वे दिल्ली में पीएम मोदी के साथ 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह यात्रा केवल कूटनीतिक औपचारिकता नहीं बल्कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में भारत-रूस संबंधों के नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।
रूसी राष्ट्रपति का स्वागत करने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा- मुझे अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन का दिल्ली में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। मैं आज शाम और कल हमारी बैठकों को लेकर आशान्वित हूं। भारत और रूस की दोस्ती समय की कसौटी पर खरी उतरी है; इससे हमारे लोगों को अपार लाभ हुआ है।
Delighted to welcome my friend, President Putin to India. Looking forward to our interactions later this evening and tomorrow. India-Russia friendship is a time tested one that has greatly benefitted our people.@KremlinRussia_E pic.twitter.com/L7IORzRfV9
— Narendra Modi (@narendramodi) December 4, 2025
प्रधानमंत्री आवास में राष्ट्रपति पुतिन का पीएम ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास सात लोक कल्याण मार्ग पहुंचे। पीएम मोदी ने वहां राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत किया है। रूसी राष्ट्रपति भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। वे 5 दिसंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। रूसी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिन के राजकीय दौरे पर भारत आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट पर पहुंचकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया है। वहीं इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने कहा कि- एयरपोर्ट पर भारतीय प्रधानमंत्री का राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करने का फैसला अप्रत्याशित (यानी पहले से तय नहीं) था। क्रेमलिन ने आगे कहा कि रूसी पक्ष को इस बारे में पहले से सूचित नहीं किया गया था।
एक ही कार में रवाना हुए पीएम मोदी और पुतिन
दिल्ली पहुंचने के बाद पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक कार में सवार होकर एयरपोर्ट से रवाना हुए। दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का पालम एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने एक-दूसरे को गले लगाया है। इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन पीएम मोदी के साथ प्रधानमंत्री आवास जाएंगे। जहां दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन पीएम आवास में रात्रिभोज में शामिल होंगे।
