उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, देश-दुनिया, राजनीति

खामेनेई की मौत पर कश्‍मीर में विरोध प्रदर्शन, श्रीनगर में सड़कें कंटीले तारों से ब्लॉक; UAE से 4 फ्लाइट आईं भारत

खामेनेई की मौत पर कश्‍मीर में विरोध प्रदर्शन, श्रीनगर में सड़कें कंटीले तारों से ब्लॉक; UAE से 4 फ्लाइट आईं भारत

श्रीनगर/नई दिल्‍ली: इजराइल और अमेरिका का ईरान से जंग का मंगलवार (03 मार्च) को चौथा दिन है। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्‍ला अली खामेनेई की मौत के विरोध भारत में शिया समुदाय लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है। जम्मू-कश्मीर का श्रीनगर आज लगातार दूसरे दिन बंद है।

सोमवार को यहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया था। सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़कर भीड़ को खदेड़ा था। कुछ लोगों को गिरफ्तारी भी की गई। महिलाओं ने भी प्रदर्शन किया था। सोमवार देर रात UAE से 4 फ्लाइट दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु पहुंचीं। अबू धाबी में फंसे भारतीयों ने देश लौटकर राहत की सांस की।

भड़काऊ भाषणों के लिए अलर्ट रहने के निर्देश

भारत सरकार ने सभी राज्यों को भड़काऊ भाषणों के लिए अलर्ट रहने का निर्देश दिया। इं​डिगो एयरलाइन आज सऊदी अरब के जेद्दा से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के ​लिए 10 स्पेशल फ्लाइट उड़ाएगी। वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए उड़ान शुरू कर रही है। इस बीच, अबू धाबी की एतिहाद, दुबई की एमीरात और फ्लाईदुबई ने चुनिंदा उड़ानें शुरू की हैं। अबू धाबी एयरपोर्ट से एतिहाद की 15 उड़ानें इस्लामाबाद, पेरिस, एम्सटर्डम, मुंबई, का​हिरा, लंदन के लिए रवाना हुईं।

पुंछ में बाजार बंद, सुरक्षाबल तैनात

जम्मू-कश्मीर ने पुंछ में अहले सुन्नत और इस्लामिक संगठनों ने बंद बुलाया है। यहां पर बाजार बंद हैं। बस सेवा बंद है। सभी जगह सुरक्षबलों की तैनाती है।

यात्री ने कहा– मस्कट में कोई परेशानी नहीं हुई

ओमान के मस्कट से लौटे एक भारतीय नागरिक ने कहा कि मस्कट में सब लोग मिलजुलकर रह रहे हैं और कोई दिक्कत नहीं है। मैंने पांच दिन पहले अपनी टिकट बुक की थी, लेकिन तीन दिन पहले 24 घंटे के लिए फ्लाइट्स रोक दी गईं।

एयर इंडिया, इंडिगो, सलाम एयर और ओमान एयर की सभी फ्लाइट्स सस्पेंड कर दी गईं, लेकिन पिछले 24 घंटों में फ्लाइट्स फिर से शुरू हो गई हैं, इसलिए हम आ गए हैं। कोई दिक्कत नहीं हुई। वहां का एडमिनिस्ट्रेशन बहुत सपोर्टिव है। ओमान में कोई धमाका नहीं हुआ है।

मस्कट से लौटे यात्री ने कहा– वहां भी दिल्ली जैसे ही सामान्य हालात

ओमान के मस्कट से दिल्ली लौटे यात्री मोहम्मद इदरीस ने कहा- वहां का माहौल दिल्ली जैसा ही है। वहां के हालात बहुत अच्छे हैं। कोई एडवाइजरी नहीं थी, वहां सब ठीक है।

पीएम मोदी की 48 घंटे में 5 प्रमुख राष्ट्राध्यक्षों से हालात पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों की सुरक्षा को लेकर पिछले 48 घंटों में खाड़ी देशों के कई प्रमुखों से बात की। सबसे पहले उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। हवाई हमलों और भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर चर्चा की।

इनके अलावा बहरीन के किंग हमाद ​बिन अल खलीफा, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद ​बिन सलमान और जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला बिन अल-हुसैन से फोन पर बात की। पीएम ने इन सभी देशों के नेताओं से कठिन घड़ी में साथ देने की बात कही।

खामेनेई की मौत पर कश्मीर में सबसे ज्यादा प्रदर्शन

जम्मू-कश्मीर में सोमवार को लगातार दूसरे दिन ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर विरोध प्रदर्शन हुए। श्रीनगर के बेमिना इलाके में सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस भी छोड़ी। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। शोपियां, बारामूला, बांदीपोरा में लोगों ने बाजार बंद रखा।

जम्मू-कश्मीर का श्रीनगर लगातार दूसरे दिन बंद

जम्मू-कश्मीर का श्रीनगर आज भी बंद है। ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के विरोध में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया है। एक दिन पहले पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज किया था, आंसू गैस के गोले भी छोड़ थे। पूरे शहर में भारी सुरक्षाबल की तैनाती की गई है। लाल चौक पर बैरिकेडिंग की गई है।

यात्री बोला– अबू धाबी में होटल के पास धमाके हो रहे थे

इजराइल-ईरान संघर्ष के कारण पिछले कुछ दिनों से उड़ानें प्रभावित रहीं। इस बीच मंगलवार सुबह अबू धाबी से पहली फ्लाइट बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी। एक यात्री ने बताया ने कहा कि वह बहुत डरावना था। एयरलाइन ने हमें एक होटल में ठहराया, लेकिन होटल के आसपास धमाके हो रहे थे। मिसाइलों को रोका जा रहा था और चारों ओर विस्फोटों की आवाज सुनाई दे रही थी। हम भारत वापस आकर खुश हैं।

केरल में फंसा विदेश नागरिक

केरल के कोच्चि में फंसे विदेशी नागरिक ने कहा- मैं ऑस्ट्रिया के लिए अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहा हूं, जो दुबई होकर जानी थी, लेकिन दुबई बंद है। मुझे नहीं पता कि अगली फ्लाइट कब है, मुझे बताया गया है कि 20 मार्च से पहले यह मुमकिन नहीं है।

केरल में आज भी कई इंटरनेशनल फ्लाइट कैंसिल

केरल के कोच्चि में कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज भी कई इंटरनेशनल फ्लाइट कैंसिल हैं। इजराइल-ईरान जंग के कारण बीते 4 दिनों में सैकड़ों फ्लाइट कैंसिल हुई हैं।

मिडिल ईस्ट के 6 देशों में 90 लाख भारतीय

साल 2024 तक खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के देशों में 90 लाख से ज्यादा भारतीय रहते थे। GCC में सऊदी अरब, UAE, कतर, कुवैत, ओमान और बहरीन शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा भारतीय UAE और सऊदी अरब में हैं। ये लोग वहां की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। वे इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थ, रिटेल, फाइनेंस, इंजीनियरिंग और बिजनेस जैसे क्षेत्रों में काम करते हैं। साथ ही, वे भारत को बड़ी मात्रा में पैसा (रेमिटेंस) भी भेजते हैं।

UAE में भारतीय सबसे बड़ा विदेशी समुदाय हैं। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक, वहां करीब 43 लाख भारतीय रहते हैं, जो कुल आबादी का लगभग 35% हैं। इनमें से लगभग 15% अबू धाबी में रहते हैं और बाकी अन्य अमीरात, जैसे दुबई में रहते हैं। UAE में रहने वाले भारतीयों में करीब 10% लोग अपने परिवार पर निर्भर हैं। सबसे ज्यादा लोग केरल से हैं, इसके बाद तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का स्थान है। उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब के लोग भी बड़ी संख्या में वहां रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *