Prateek-Aparna Relationship Controversy: सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव ने पत्नी अपर्णा यादव के साथ एक तस्वीर पोस्ट की है जिसमें उन्होंने लिखा, “ऑल इज गुड”। कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद होने की खबरें आई थीं और प्रतीक ने अपर्णा पर घर तोड़ने का आरोप लगाया था। पहले की गई अपनी पोस्ट में प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव को स्वार्थी बताया था और कहा था कि वो अपर्णा को तलाक दे देंगे पर अब उन्होंने सबकुछ ठीक होने का दावा किया है।
इंस्टाग्राम की अपनी नई पोस्ट में उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा कि ऑल इज गुड। चैंपियन वो होते हैं जो अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल समस्याओं को खत्म कर देते हैं। हम लोग एक चैंपियन परिवार हैं। वहीं, अपर्णा के भाई अमन बिस्ट ने कहा कि दोनों के बीच सब कुछ सही था, कभी कुछ गड़बड़ हुआ ही नहीं था। रिश्ते में मनमुटाव लाने की लोगों की थी साजिश, जो नाकाम रही।
2011 में हुई थी शादी, कई सेलिब्रेटी हुए थे शामिल
बताते चलें कि अपर्णा यादव और प्रतीक की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। इससे पहले वह दोनों आठ साल तक दोस्त रहे। यह बात अपर्णा ने एक इंटरव्यू में कही थी। 2011 में हुई ये शादी चर्चित शादियों में से एक थी। अपर्णा-प्रतीक की इस शादी में कई सेलिब्रेटीज शामिल हुए थे।