एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी के पावना डैम स्थित फार्म हाउस में 18 जुलाई को चोरी की घटना हुई है। अज्ञात चोरों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, फार्म हाउस के अंदर तोड़फोड़ की और कई कीमती चीजें लेकर फरार हो गए। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, लोनावाला ग्रामीण पुलिस का कहना है कि यह घटना एक सोची-समझी साजिश लगती है। उस समय एक्ट्रेस फार्महाउस में मौजूद नहीं थीं।
संगीता बिजलानी ने इस मामले में पुणे ग्रामीण पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी है। मामले को लेकर एसपी संदीप गिल ने जानकारी दी कि संगीता बिजलानी मुंबई में रहती हैं और पिछले चार महीनों से अपने पिता की बीमारी के कारण फार्महाउस नहीं जा सकीं थीं।
संगीता ने कहा- कई कीमती चीजें गायब थीं
संगीता की शिकायत के अनुसार, 18 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे जब वो दो घरेलू सहायकों के साथ फार्म हाउस पहुंचीं, तब वहां उन्होंने देखा कि फार्म हाउस का मुख्य दरवाजा जबरदस्ती तोड़ा गया था। अंदर जाकर पता चला कि पूरे घर में तोड़फोड़ और चोरी हुई थी। पुलिस के अनुसार, फार्म हाउस की खिड़कियों की ग्रिल टूटी मिली, एक टीवी चोरी हुआ और दूसरा बुरी तरह टूटा हुआ मिला। ऊपरी मंजिल पर धुएं से काफी नुकसान हुआ है। सभी बेड और घरेलू सामान तोड़े गए थे। फ्रिज भी टूटा हुआ मिला और कई कीमती चीजें गायब थीं।
फार्म हाउस के एनट्रेंस से पहले परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए, जिससे साफ है कि ये प्लानिंग के साथ किया गया हमला था। संगीता ने अपनी शिकायत में पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर आकर जांच करें।
पंचनामा के बाद होगी एफआईआर
लोणावला ग्रामीण थाना प्रभारी दिनेश तायड़े ने बताया कि पुलिस की टीम मौके पर भेजी गई है। पंचनामा के बाद FIR दर्ज की जाएगी। संगीता के करीबी सहयोगी मोहम्मद मुजीब खान, जो इस केस के मुख्य शिकायतकर्ता भी हैं, ने कहा कि पुणे ग्रामीण एसपी संदीप गिल और उनकी टीम ने हमें हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।
बता दें कि संगीता बिजलानी मिस इंडिया 1980 रह चुकी हैं। वो सलमान खान के करीब 10 साल तक रिश्ते में रही थीं। हालांकि, दोनों की शादी नहीं हुई। जिसके बाद संगीता ने 1996 में क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन से शादी की। वहीं, 2010 में उनका तलाक हुआ।