गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार को तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सरयू नहर में गिर गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। बोलेरो में 15 लोग थे, जिनमें से चार को शीशा तोड़कर स्थानीय लोगों ने बचा लिया। यह सभी जल चढ़ाने पृथ्वीनाथ मंदिर जा रहे थे।
हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो से एक भी शख्स खुद बाहर नहीं निकल पाया। बारिश के चलते नहर में लबालब पानी था। नहर में गिरते ही गाड़ी के गेट लॉक हो गए। कुछ ही सेकेंड में पूरी गाड़ी में पानी भर गया। अंदर बैठे लोग छटपटाते रहे। तड़प-तड़पकर उनकी मौत हो गई। जहां हादसा हुआ, वहां आसपास ग्रामीण थे। बोलेरो नहर में गिरती देख वह बचाने के लिए पानी में कूद गए। लेकिन, गेट नहीं खोल पाए। बमुश्किल खिड़की का शीशा तोड़कर चार लोगों को बचाकर बाहर निकाला।
मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल
हादसा रविवार सुबह 10 बजे इटियाथोक थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे के बाद का वीडियो सामने आया है। इसमें सड़क पर 11 शव पड़े हुए हैं। किसी को बेटी तो किसी को किसी को बेटा सीपीआर देकर बचाने का प्रयास करता नजर आ रहा है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त कार की स्पीड 60 किमी प्रति घंटे थी। मृतकों में 6 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे हैं।

हादसे में बची किशोरी ने बताया, हम सभी लोग मंदिर जा रहे थे। जिस वक्त हादसा हुआ। हम लोग भजन गा रहे थे। अचानक हमारी गाड़ी फिसल गई और नहर में जा गिरी। इसके बाद क्या हुआ, कुछ भी याद नहीं है। सब कुछ धुंधला सा हो गया।
SP बोले- 11 की मौत हुई, 4 लोग अस्पताल में भर्ती
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया, पुलिस को घटना की जानकारी मिली कि बोलेरो नहर में पलट गई है। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लोगों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। चार लोगों को अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया गया है। मृतकों को सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है।
मरने वालों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल
इस हादसे में जान गंवाने वालों में 6 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे शामिल हैं। इनकी पहचान मोतीगंज थाना त्र के सीहागांव निवासी नायक कसौधन पुत्र प्रह्लाद, काजल पुत्री प्रह्लाद, विनम्र पुत्र पहलवान, सौम्या पुत्री पहलवान, रचना पत्नी रामरूप, शुभ पुत्र अज्ञात, रामकरन पुत्र रामदेव, अमित पुत्र रामरूप, अंजू वर्मा पुत्री रामलाल, सरजू पत्नी रामलल्लन, दुर्गेश नंदिनी के रूप में हुई है।

वहीं, घायलों में अमित कसौधन पुत्र प्रह्लाद, पिंकी कसौधन पुत्री प्रह्लाद, रामलल्लन पुत्र जगप्रसाद, सीताशरण (ड्राईवर) पुत्र परशुराम शामिल हैं।
सीएम ने की 5-5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने अफसरों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
पीएम मोदी ने भी दु:ख जताते हुए किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पीएम ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जाएगी।
मंदिर का आधा सफर हुआ था
एक ग्रामीण ने बताया कि सभी मोतीगंज थाने के सिहा गांव के रहने वाले थे। बोलेरो में प्रह्लाद कसौधन का परिवार और उनके रिश्तेदार थे। हालांकि, वह नहीं थे। प्रह्लाद का गांव में मेवालाल माध्यमिक विद्यालय नाम से इंटर कॉलेज है। वह प्रबंधक हैं। सुबह साढ़े 9 बजे सभी मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। गांव से पृथ्वीनाथ मंदिर की 50 किमी है। गाड़ी से आधा सफर यानी 25 किमी पूरा कर लिया था। हालांकि, मंदिर पहुंचने से पहले उनके साथ ये हादसे हो गया।