- उप मुख्यमंत्री द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग (प्रयागराज) की उपलब्धियों पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म का बटन दबाकर किया गया विमोचन
लखनऊ/प्रयागराज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में बेसिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का शुभारंभ/लोकार्पण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रयागराज में जिला पंचायत सभागार परिसर में किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा जिला पंचायत सभागार में प्रयागराज बेसिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियों पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म का बटन दबाकर विमोचन किया गया। साथ ही उपमुख्यमंत्री द्वारा शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अध्यापकों एवं अन्य लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सीएम योगी के नेतृत्व में मिला विद्यालयों में शिक्षा का बेहतर माहौल
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज का दिन प्रदेश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आज प्रदेश के सभी जनपदों में बेसिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का शुभारंभ/लोकार्पण से सम्बंधित कार्यक्रमों का आयोजन एक साथ किया जा रहा है। मुझे प्रसन्नता है कि बेसिक शिक्षा विभाग के इस कार्यक्रम में मुझे आप सभी के मध्य आने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विगत वर्षों में बेसिक शिक्षा विभाग सहित अन्य सभी क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं आमजनमानस में सरकारी स्कूलों के प्रति विश्वास सुदृढ़ बना है तथा विद्यालयों में शिक्षा का बेहतर माहौल बना है।
सभी समस्याओं का समाधान शिक्षा से ही संभव
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले तक कोई भी अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ने के लिए भेजना नहीं चाहता था, परंतु सरकार के द्वारा निरंतर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति किये जाने तथा विद्यालयों में शिक्षा के लिए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता होने के कारण वर्तमान समय में लोग अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत आज स्कूलों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री योगी ने सरकारी स्कूलों के लिए खजाना खोल दिया है। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के द्वारा ही सम्पूर्ण विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश, प्रदेश एवं परिवार के विकास के भविष्य है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज बेसिक शिक्षा स्कूलों से निकलकर बच्चे सभी क्षेत्रों में सफलता की ऊंचाईयों को छू रहे है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत बनाने में आप सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान अपेक्षित है।
बेसिक स्कूलों की शिक्षा में गुणात्मक परिवर्तन हुआ
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने स्वयं हाथ में झाड़ू उठाई, तो स्कूलों में आप लोग भी सफाई कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए बच्चों को सफाई के प्रति प्रेरित कर सकते है। उन्होंने कहा कि आज भारत की प्रगति को दुनिया देख रही है, हम आर्थिक महाशक्ति बन रहे हैं और आज दुनिया में चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक हमें विकसित भारत बनाना है। विकसित भारत बनाने में आप लोगों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक पेड़ मां के नाम पर लगाये और वृक्षारोपरण अभियान में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में भी प्राइवेट स्कूलों की तरह सभी सुविधाएं वर्तमान समय में मुहैया कराई जा रही हैं, बेसिक स्कूलों की शिक्षा में गुणात्मक परिवर्तन हुआ है, जिसके कारण प्राइवेट स्कूलों से ज्यादा अब सरकारी स्कूलों का रिजल्ट अच्छा आ रहा है।