Parliament Monsoon Session: संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। यह सत्र 21 अगस्त यानी 32 दिन तक चलेगा। इसमें 21 बैठकें होंगी। पीएम मोदी सत्र शुरू होने से पहले मीडिया से रू-ब-रू होंगे। ऑपरेशन सिंदूर समेत मुख्य मुद्दों पर पीएम मोदी नहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बयान देंगे। इस दौरान राज्यसभा में विपक्ष को इससे जुड़े सवाल पूछने की अनुमति दी जाएगी।
सत्र में आठ नए और नौ लंबित विधेयक पेश करेगी सरकार
बता दें कि संसद के मानसून सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस सांसद जयराम रमेश, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के अलावा केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत कई अन्य दलों के नेताओं को मिलाकर 54 लोग शामिल हुए। सरकार के सूत्रों का कहना है कि सत्र में आठ नए और नौ लंबित विधेयक पेश करने की योजना है।
सरकार किसी विषय पर चर्चा से पीछे नहीं हटेगी: रिजिजू
रिजिजू ने कहा है कि , बैठक में सरकार ने संसद के सुचारु संचालन के लिए विपक्ष का सहयोग मांगा। उम्मीद जताई कि आगामी सत्र पूरी तरह से उत्पादक होगा। उन्होंने कहा, हम ऑपरेशन सिंदूर समेत किसी भी विषय पर चर्चा से भाग नहीं रहे हैं। ये सभी विषय देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। लेकिन कोई भी बहस नियमों के दायरे में ही होगी। कम सांसदों वाले दलों को भी बोलने के लिए पर्याप्त समय देने की मांग पर रिजिजू ने कहा, हम सभी को पर्याप्त समय देने की कोशिश करेंगे।
बिहार और मणिपुर के मुद्दों पर भी चर्चा कराने की मांग
संसद सत्र के आगाज से पहले रविवार की सर्वदलीय बैठक के दौरान विपक्ष ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर व चीन पर भी चर्चा की मांग उठाई। मतदाता सूची का मुद्दा चुनाव आयोग से जुड़ा होने व सुप्रीम कोर्ट में लंबित होने के कारण सरकार इस पर चर्चा कराएगी।