उत्तर प्रदेश, राजनीति

भाजपा में जातीय राजनीति पर पंकज चौधरी के सख्‍त तेवर, कहा- दोबारा ऐसा हुआ तो कार्रवाई होगी

भाजपा में जातीय राजनीति पर पंकज चौधरी के सख्‍त तेवर, कहा- दोबारा ऐसा हुआ तो कार्रवाई होगी

आगरा: उत्तर प्रदेश में कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर पनप रही जातीय राजनीति पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बेहद सख्त नजर आ रहे हैं। उन्होंने राजधानी में हुई बैठकों पर तो कड़ी आपत्ति जताई ही थी और अब ब्रज से शुरू की गई अपनी यात्रा के दौरान बैठकों में भी वह यह संदेश दे रहे हैं। एक दिन पहले आगरा में हुई बैठक में उन्होंने एक बार फिर यह साफ किया कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवादी और सर्वसमाज की पार्टी है। इसके खिलाफ बात करने वालों कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि हाल ही में लखनऊ में हुई बैठकें फिर न हों, इसके लिए कार्यकर्ताओं और नेताओं को चेताया गया है। स्पष्ट किया गया है कि अगर कोई ऐसा करता पाया जाएगा तो उसके खिलाफ पार्टी संविधान के अनुसार कार्रवाई होगी। इससे यह साफ है कि यूपी भाजपा में जातीय राजनीति उसे खुद को नुकसान पहुंचाए, इससे पहले ही इस पर लगाम लगाना जरूरी है। नए प्रदेश अध्यक्ष भी इसी मूड पर दिख रहे हैं।

आगरा में भाजपा कार्यकर्ताओं से सांसद

मथुरा में बांके बिहारी के दर्शन करने के बाद पंकज चौधरी आगरा पहुंचे। यहां बैठक में उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव, लालू यादव, ममता बनर्जी सहित इंडी गठबंधन के दलों में पार्टी अध्यक्ष बनने के लिए कार्यकर्ता को उनके खानदान में पुनर्जन्म लेना पड़ेगा। भाजपा में जहां जिसकी जरूरत होती है, पार्टी उसे वहां नियुक्त करती है। सांसद, प्रदेश व राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बनाती है।

यही नहीं चौधरी ने आगे कहा कि भाजपा की खूबी है कि यहां कोई छोटा या बड़ा कार्यकर्ता नहीं होता। भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष भी सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से बड़ा होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को 2047 के विकसित भारत के विजन में योगदान देने और 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए काम करने को कहा।

पश्चिम को सिर्फ पूरब का न लगूं, इसलिए ब्रज क्षेत्र से शुरू की यात्रा

पंकज चौधरी ने कहा कि पश्चिम के कार्यकर्ताओं को ये न लगे कि पूरब के नेता हैं, पश्चिम पर ध्यान नहीं देंगे, इसलिए पहली यात्रा बांके बिहारी का आशीर्वाद लेकर ब्रज क्षेत्र से शुरू की है। ब्रज क्षेत्र के कार्यकर्ता जुझारू हैं, इसलिए सभी का सहयोग जरूरी है। अगर कार्यकर्ता ठान लें तो उन्हें कोई रोक नहीं सकता। लेकिन, अगर वह घर बैठ जाएं तो सफलता नहीं मिल सकती।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *