बरेली: कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज अक्सर अपने बयानों से सुर्खियों में बने रहते हैं। इसी बीच उनके एक बयान ने देशभर में विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसमें वे कहते हैं- लड़कियां 4-5 जगहों से मुंह मारकर आती हैं। उनके इसी बयान पर बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन और पूर्व आर्मी ऑफिसर खुशबू पाटनी ने अपना रिएक्शन दिया है।
खुशबू पाटनी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कह रहीं- अगर ये शख्स मेरे सामने होता तो मैं इसे अच्छे से समझा देती कि ‘मुंह मारना’ क्या होता है। इसे राष्ट्र विरोधी कहने में मुझे कोई हिचक नहीं। जिस इंसान की सोच इतनी घटिया हो, उसे मंच मिलना ही नहीं चाहिए। खुशबू पाटनी ने सवाल उठाया- ‘अगर कोई लिवइन में है तो क्या लड़की अकेली है? क्या लड़के शामिल नहीं होते?’
इन्हें समाज के नामर्द फॉलो कर रहे हैं: खुशबू पाटनी
खुशबू पाटनी आगे कहती हैं, ये दु:खद है कि ऐसे बदजुबान लोगों को समाज में फॉलो किया जाता है। समाज के सारे नामर्द इसे फॉलो कर रहे हैं। जो लड़कियों के चरित्र पर ऊंगली उठाता है, वो किसी भी धर्म या संस्कृति का प्रतिनिधि नहीं हो सकता। सोशल मीडिया पर भी अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर किस आधार पर एक कथावाचक ऐसा भद्दा बयान देता है? क्या धर्म के मंच से इस तरह के प्रवचन दिए जा सकते है?
बता दें कि खुशबू पाटनी मूल रूप से बरेली जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने बीबीएल पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की। इसके बाद इंजीनियरिंग के बाद सेना में लेफ्टिनेंट बनीं। उनकी बहन दिशा पाटनी बॉलीवुड एक्ट्रेस हैं।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने भी साधा निशाना
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने बयान पर यूपी महिला आयोग की अध्यक्ष बविता चौहान ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि या तो उनमें बुद्धि नहीं है या फिर उन्हें कम उम्र में शोहरत मिल गई है। आयोग उनके बयान का संज्ञान लेगा। उन्होंने कहा, मैं कथावाचक की टिप्पणी का घोर विरोध करती हूं। उन्होंने महिलाओं और बेटियों को लेकर बेहद हल्की बात की है। कोई भी इतनी गंदी और घटिया भाषा का प्रयोग नहीं कर सकता है। व्यासपीठ पर बैठकर इतने बडे़ कथावाचक ऐसी बात कर रहे है। वो एक पब्लिक फिगर है। उनको सुनने हजारों भी भीड़ आती है, जिसमें 80 फीसद महिलाएं हैं। उसके बाद भी ऐसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।
अनिरुद्धाचार्य ने बयान पर मांगी माफी
विवाद के बाद अनिरुद्धाचार्य महाराज ने वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि आप लोगों द्वारा हमें सूचना मिली कि हमारी कुछ बहनें नाराज हैं। क्योंकि उन लोगों ने आधी एक वीडियो सुनी, जिस वीडियो में कहा गया कि आजकल 25 साल की लड़की… देखो बात क्या कही जाती है कि कुछ लड़कियां कैसी होती हैं? कुछ लड़कियां ऐसी होती हैं, जो लिवइन में रह कर चार जगह मुंह मार कर आती है और वो किसी के भी घर की बहू बन जाएंगी। अब आप ही बताइए कि क्या वो रिश्ते को निभा पाएंगी? इसलिए लड़की हो या लड़का दोनों को पहले तो चरित्रवान होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह बात कुछ लड़कियों के लिए कही थी। मेरे द्वारा कभी नारी का अपमान नहीं किया जा सकता। नारी तो हमारी लक्ष्मी है। फिर भी मेरी आधी अधूरी बात सुनकर के किसी भी बहन बेटी का दिल दुखा हो तो ये दास सदा आपका था। आपका है, आपका ही रहेगा। यदि आधी अधूरी बात सुन कर आपका दिल दुखा तो मुझे क्षमा अवश्य करें।